PCA के अध्यक्ष राजिंद्र गुप्ता ने दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Monday, Sep 02, 2019 - 12:18 PM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पी.सी.ए.) में मचा घमासान कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पहले जहां पंजाब के पूर्व रणजी खिलाड़ी राकेश हांडा की ओर से पूर्व सचिव जी.एस. वालिया पर आरोप लगाए गए, वहीं रविवार को पी.सी.ए.  के अध्यक्ष राजिंद्र गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया। 

गुप्ता ने कहा कि वह पंजाब में क्रिकेट और क्रिकेटरों की प्रगति और देखरेख की जिम्मेदारी न निभा सकने के चलते दुखी हृदय से अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। दरअसल पी.सी.ए. में पहली बार कोई नॉन ब्यूरोक्रेट प्रैजीडैंट बना था लेकिन पहले से काबिज ब्यूरोक्रेटिक लॉबी ने उनकी रजामंदी के बिना और उनको दरकिनार कर कई अहम फैसले लिए। 

उन्होंने कहा कि मुझे यहां घुटन महसूस होने लगी थी, इसीलिए मजबूरी में मैंने इस्तीफा देना ही जायज समझा। अभी तक मुझे ऑफिस तक नहीं मिला जबकि कई ब्यूरोके्रट्स कई साल से अपने रूम बनाकर बैठे हुए हैं। वहीं पी.सी.ए. के जनरल सैक्रेटरी आर.पी. सिंगला ने भी इस्तीफा दे दिया है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

मेरे सामने नहीं की चुनावों की चर्चा :
उन्होंने कहा कि 18 अगस्त को पी.सी.ए. में एक बैठक हुई, लेकिन उसमें पी.सी.ए. चुनाव के संबंध में कोई भी चर्चा नहीं हुई। न ही चुनाव अधिकारी के नाम पर विचार किया गया। जब मुझे चुनाव के बारे में पता चला तो मैंने बी.सी.सी.आई. और पी.सी.ए. के अधिकारियों को पत्र लिखा। उन्होंने यह भी कह दिया कि मेरा एसोसिएशन से कुछ लेना-देना नहीं हैं लेकिन लोढा कमेटी के तहत मुझे अध्यक्ष बनाया गया। 

उपाध्यक्ष बोले- सबूत है तो कोर्ट जाएं हांडा :
पी.सी.ए. के उपाध्यक्ष राकेश राठौर ने कहा कि क्रिकेट प्लेयर ऑफ पंजाब के सदस्यों के साथ कहीं बाहर मीटिंग की जाए क्योंकि पी.सी.ए. स्टेडियम में पंजाब के कई जिलों के खिलाड़ी आए हुए थे। अगर दोनों ग्रुप एक जगह एकत्रित हो जाते तो माहौल खराब हो सकता था। इसके कारण हमने पी.सी.ए. का गेट बंद कर दिया। अगर राकेश हांडा और अन्य लोगों के पास कोई सबूत है तो वे कोर्ट या पुलिस में जाएं और उसकी जांच करवाएं।  

क्रिकेट प्लेयर ऑफ पंजाब और पी.सी.ए. के खिलाडिय़ों ने किया हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस :
पी.सी.ए. के अध्यक्ष की तरफ से क्रिकेट प्लेयर ऑफ पंजाब से मिलने के लिए रविवार को दोपहर 11 बजे का समय दिया गया था लेकिन जब पंजाब के अलग-अलग जिलों से खिलाड़ी पहुंचे तो पी.सी.ए. क्रिकेट स्टेडियम के बाहर नोटिस लगा था कि आज की बैठक चुनाव के कारण रद्द कर दी गई है। पंजाब के अलग-अलग जिलों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और कोच पहुंचे हुए थे। मीटिंग न होने पर दोनों पक्षों ने हंगामा किया जिससे  मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News