ऑनलाइन गेम ने मिलाए दिल: 2 बच्चों की मां प्यार की खातिर कर्नाटक से पहुंची पंजाब, चौंका देगा मामला
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 10:12 AM (IST)
अबोहर (सुनील भारद्वाज): कर्नाटक की एक शादीशुदा लड़की को ऑनलाइन गेम के जरिए अबोहर के एक युवक से प्रेम हो गया और वह अपने दो मासूम बच्चों को लेकर परिजनों को झूठ बोलकर अबोहर आकर रहने लगी, जब लड़की के माता पिता ने कर्नाटक पुलिस को उनकी बेटी व बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई तो वहां की पुलिस गत दिवस अबोहर पहुंची। इसके बाद नगर थाना नं 2 की पुलिस को लेकर उक्त लड़के के घर पहुंची जहां पर लड़की के बयान दर्ज किए तो लड़की ने वापिस जाने से इंकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार करीब 19 वर्षीय चांदनी ने बताया कि वह कर्नाटक की रहने वाली है और उसकी शादी करीब 4 साल पहले वहीं के एक युवक से हुई थी और शादी के बाद उसके घर दो बच्चों ने जन्म लिया लेकिन करीब एक साल पहले उसके पति की मौत हो गई तो वह अपने माता-पिता के पास जाकर रहने लगी।
चांदनी ने बताया कि वह कम पढ़ी लिखी है और अपने फ्री टाईम में वह अपने मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलनी लगी उसी दौरान उसकी पहचान अबोहर के ठाकर आबादी मेन रोड निवासी सोनू पुत्र कमल से हुई और धीरे धीरे यह पहचान प्रेम प्रसंग में बदल गई। उसने बताया कि करीब 5 माह के इस प्यार में दोनों ने आपस में शादी करने का मन बना लिया।
उसने बताया कि 8 जनवरी को अबोहर आने के लिए वह कर्नाटक से अपने दो बच्चों सहित मां को यह कहकर रवाना हुई कि वह किसी काम के लिए शहर से बाहर जा रही है। दिल्ली पहुंचने पर उसने सोनू को फोन करके वहां बुलाया और अपने मोबाइल की सिम तोड़ दी और उसके साथ 12 जनवरी को अबोहर चली आई।

क्या कहना है युवक सोनू की मां का
सोनू की मां ने बताया कि उसके कुल 8 बच्चे है और सोनू उनमें सबसे बड़ा है जिसकी उम्र 19 साल है जबकि सबसे छोटे बच्चे की आयु करीब 3 साल है। वह पिछले 18 साल से किराये के मकान पर यहीं रह रहे हैं उसका पति व बेटा दोनों भेलपुरी की रेहडी लगाते हैं। वे मूलरुप से यूपी के गोरखपुर के रहने वाले हैं। उसने कहा कि उसके बेटे ने इस लड़की को यहां लाकर कोई गलती नहीं की है उसका बेटा खुश है इसी में उनकी खुशी है। गत दिवस कर्नाटका की पुलिस नगर थाना नं 2 अबोहर के सहयोग से युवक के घर पहुंची और गणमाण्य लोगों व लड़की के बयान दर्ज किए तो लडकी ने अपने माता पिता के पास जाने से इंकार कर दिया। कर्नाटक की पुलिस उसके बयान दर्ज कर बैरंग लोट गई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
