निपाह वायरस के मद्देनजर होटल और एनिमल हॉस्पिटल्स को अलर्ट रहने के आदेश

Thursday, May 24, 2018 - 09:41 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : केरल में फैले निपाह वायरस के मद्देनजर बुधवार को हैल्थ विभाग ने शहर में अलर्ट घोषित कर दिया। हैल्थ विभाग ने गाइडलाइन्स जारी करते हुए शहर के सभी होटल्स और एनिमल हॉस्पिटल्स को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। गाइडलाइन्स के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति केरल या पश्चिम बंगाल से आता है तो एहतियात बरतते हुए हैल्थ विभाग को सूचित किया जाए। 

हालांकि अभी तक शहर में इस वायरस का कोई मामला सामने नहीं है लेकिन जिस तेजी से यह वायरस फैल रहा है। इस संबंध में शहर के सभी होटल्स व दूसरे संस्थानों को मेल व लैटर जारी किए गए हैं। सभी एनिमल हॉस्टिल्स को भी आदेश हैं कि अगर घोड़ा, बंदर, भालू या कोई भी दूसरा जानवर बीमार अवस्था में आता है तो इसकी भी सूचना दी जाए। 

चमगादड़ से फैलता है निपाह वायरस :
एक्सपर्ट्स की मानें तो यह वायरस फल खाने वाले चमगादड़ से फैलता है। वहीं एक इंसान से दूसरे इंसान में सांस के द्वारा यह वायरस फैल सकता है। इसके अलावा डॉक्टर पेड़ से टूटकर गिरे फलों को उठाकर खाने से मना कर रहे हैं। माना जा रहा है कि ऐसे फल चमगादड़ द्वारा खाए गए हों। यदि ऐसा है तो इससे निपाह वायरस फैल सकता है। निपाह वायरस की चपेट में आने से 48 घंटे में व्यक्ति कोमा में जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने बनाई जांच के लिए टीम :
कोई भी व्यक्ति अगर केरल या पश्चिम बंगाल से चंडीगढ़ में आया है तो इसकी सूचना मिलने पर विभाग द्वारा उसकी जांच की जाएगी। इसके लिए एक टीम बना दी गई है। वहीं किसी भी जानवर के बीमार होने पर भी टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। 

शहर के तीनों बड़े अस्पतालों पी.जी.आई., जी.एम.सी.एच.-32 व जी.एम.एस.एच.-16 के डाक्टरों की मदद इसमें ली जा रही है। वहीं हैल्थ सैकेट्री अनुराग अग्रवाल इसे देख कर रहे हैं। हैल्थ विभाग की मानें तो शहर किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए तैयार है। 

पी.जी.आई. पूरी तरह से तैयार : प्रो. जगत राम 
पी.जी.आई. निदेशक प्रो. जगत राम ने बताया कि वायरोलॉजी विभाग के हैड प्रो. आर.के. अभी भी पुणे में ही है। अभी तक अस्पताल में इसके टैस्ट नहीं हुए हैं, लेकिन इसकी सुविधा हमारे पास है तो लिहाजा हम पूरी तरह तैयार हैं। विभाग के साथ सभी डाक्टर्स भी अलर्ट हैं। 

Punjab Kesari

Advertising