कुदरत का करिश्मा: 114 साल की बुजुर्ग के फिर निकले दांत, फिंगरप्रिंट ने रोका राशन

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 09:11 AM (IST)

होशियारपुर: कुदरत के रंग भी बड़े निराले होते हैं। इसकी एक अनोखी मिसाल पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा क्षेत्र के गांव दरवाली कलां में देखने को मिली है। यहां 114 वर्षीय बुजुर्ग महिला धर्मो देवी के दोबारा दांत निकलने लगे हैं। जहां परिवार इसे भगवान की कृपा मान रहा है, वहीं दूसरी ओर बुजुर्ग महिला सरकारी सुविधाओं के लिए सेवा केंद्रों के चक्कर काटते-काटते परेशान हो चुकी है।

धर्मो देवी के बेटे बिशन सिंह ने बताया कि उनकी मां की उम्र करीब 114 साल है और इस उम्र में भी वह परिवार के लिए आशीर्वाद बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को इस बात की खुशी है कि मां अब भी उनके सिर पर हाथ रखे हुए हैं, लेकिन दुख इस बात का है कि ज्यादा उम्र होने के कारण उनके हाथों के फिंगरप्रिंट मिट चुके हैं। इसी कारण बायोमेट्रिक मशीन पर उनका अंगूठा नहीं लगता। फिंगरप्रिंट मैच न होने के कारण उन्हें मिलने वाला सरकारी राशन और अन्य सुविधाएं बंद हो गई हैं। इतना ही नहीं, सरकार की ओर से चलाई जा रही 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना का कार्ड भी तकनीकी कारणों से नहीं बन पा रहा है। परिवार का कहना है कि इस वजह से बुजुर्ग महिला काफी भावुक हो जाती हैं और सवाल करती हैं कि जब सरकार सभी को सुविधाएं दे रही है तो उनका हक क्यों रोका जा रहा है।

परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि बुजुर्ग समाज की धरोहर होते हैं। अगर उम्र के कारण किसी के फिंगरप्रिंट काम नहीं कर रहे तो सिस्टम में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि उन्हें परेशान न होना पड़े। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस 114 वर्षीय बुजुर्ग महिला की समस्या का समाधान करता है या फिर तकनीकी खामियों के कारण उनका हक यूं ही अटका रहता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News