Punjab: मेरिटोरियस स्कूल के छात्रों की बिगड़ी तबीयत, करीब 8 बच्चे अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 09:47 AM (IST)
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया, हरमन): गुरदासपुर के मेरिटोरियस स्कूल में पढ़ने वाले कई छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार करीब आठ छात्रों को बीमार होने के बाद इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सिविल अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि छात्रों के अनुसार उन्होंने रात का खाना खाने के बाद असहज महसूस करना शुरू किया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों का कहना है कि मामला संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी।
वहीं, बीमार छात्रों के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल की ओर से बच्चों को दिया जाने वाला खाना गुणवत्तापूर्ण नहीं होता और इस संबंध में वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं। अभिभावकों का आरोप है कि लापरवाही के कारण बच्चों की सेहत खतरे में पड़ी है। बीमार छात्रों ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे अचानक 8 से 10 छात्रों की तबीयत एक साथ खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चों की हालत काफी खराब थी और वे दर्द से कराह रहे थे।
इस मामले पर स्कूल के प्रिंसिपल ने सफाई देते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों को पूरी तरह साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण भोजन दिया जाता है। छात्रों की तबीयत अचानक खराब हुई है। प्रिंसिपल ने बताया कि घटना के समय वे मेडिकल लीव पर थे, लेकिन जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
