लुधियाना सिविल अस्पताल में बड़ी लापरवाही, पुलिस हिरासत से आरोपी फरार
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 09:47 AM (IST)
लुधियाना (राज): सिविल अस्पताल से पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, बोस्टल जेल से मेडिकल जांच के लिए लाए गए पांच आरोपियों में से एक शातिर अपराधी पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।
ASI हरभजन सिंह ने बताया कि वह खन्ना में तैनात है बीते कल 2 फरवरी को वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ किसी केस में बोस्टल जेल लुधियाना से पांच आरोपियों—अजय, प्रभजोत, रोहित कुमार, सनी और टोना को मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लाए थे। जब वह आरोपी अजय को लेकर हड्डियों के डॉक्टर के पास चेकअप करवाकर दवाई ले रहा था, उसी दौरान अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी भीड़ और शोर-शराबे का फायदा उठाते हुए शातिर आरोपी अजय ने बड़ी चालाकी से हथकड़ी में से अपना हाथ बाहर निकाल लिया और देखते ही देखते मौके से फरार हो गया।
वहीं, हथकड़ी से हाथ निकाल कर भागने की इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना डिविजन नंबर 2 में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
