Ludhiana : फाइनेंसर ऑफिस में चली गोली! 21 साल के युवक की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 06:15 PM (IST)

लुधियाना (राज): लक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक फाइनेंसर के ऑफिस में हंसी-मज़ाक के दौरान लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई, जिससे 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान पंकज के रूप में हुई है, जोकि फाइनेंसर के ऑफिस में ही काम करने वाले कर्मचारी था। मगर पीड़ित परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। जिसके बाद थाना हैबोवाल की पुलिस ने मृतक के पिता मनोज के बयानों पर पांच युवकों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल, सिक्का और खोल भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, फाइनेंसर मंगलवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल ऑफिस की दराज में रखकर कहीं बाहर गया था। पीछे से ऑफिस में मौजूद दो कर्मचारी पिस्तौल निकालकर उसके साथ खेलने लगे। खेल-खेल में मज़ाक इतना भारी पड़ा कि एक युवक ने दूसरे की गर्दन पर पिस्तौल रखकर ट्रिगर दबा दिया। गोली सीधे युवक की गर्दन के पिछले हिस्से से आरपार हो गई। गंभीर रूप से जख्मी युवक को तुरंत डीएमसी (DMC) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतना गहरा था कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News