LPG को लेकर बढ़ी बेचैनी: Booking के लिए लंबी लाइनों में खड़े लोग तो कहीं सिलेंडर लूट

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 02:49 PM (IST)

लुधियाना(खुराना):  मध्य-पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत की रसोई तक पहुंचता नजर आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका के बीच देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडरों को लेकर लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही बुकिंग के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

PunjabKesari

 वहीं पंजाब में स्थिति और चिंताजनक बनती दिखाई दे रही है। यहां लोग अपना कामकाज छोड़कर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं। सिलेंडर की कमी के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लुधियाना के शांति नगर इलाके में गैस सिलेंडर को लेकर लूट की घटना भी सामने आई है। यहां एक युवक अपने रिश्तेदार के घर से सिलेंडर लेकर लौट रहा था। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया और उससे गैस सिलेंडर छीनकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

उधर बरनाला से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक बुजुर्ग को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया है।गैस सिलेंडरों की कमी के कारण कई जगहों पर लोगों में रोष भी देखने को मिल रहा है और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। हालांकि बढ़ती चिंताओं के बीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने लोगों से घबराने या पैनिक बायिंग न करने की अपील की है। कंपनियों का कहना है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सप्लाई सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News