लोहड़ी की खुशियों के बीच गोलियों की गूंज, होशियारपुर में फायरिंग से दहशत

punjabkesari.in Tuesday, Jan 13, 2026 - 11:48 PM (IST)

होशियारपुर (राकेश): जहां एक ओर जिले में लोग लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर मंगलवार सायं कृषि भवन असलामाबाद के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब ऑल्टो कार में सवार एक युवक पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी साहिल अपने एक मित्र के साथ ऑल्टो कार में जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक व्यक्ति द्वारा लगातार हूटर बजाया जा रहा था। साहिल द्वारा ऐसा न करने को कहने पर उक्त व्यक्ति अपने साथ अपनी माता समेत कुछ अन्य लोगों को लेकर मौके पर आ गया। आरोप है कि उनमें से एक व्यक्ति ने साहिल की कार पर तीन राउंड फायर किए।

साहिल ने बताया कि एक गोली उसकी कार के उस हिस्से में लगी, जहां से आगे बढ़कर वह उसके सिर को भी लग सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। उसने बताया कि हमलावरों में दो महिलाएं, एक महिला का दामाद, उसका दोहता तथा दो अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। इस दौरान एक महिला भी उनके साथ मौजूद थी।

पीड़ित साहिल का कहना है कि उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है और आशंका जताई जा रही है कि किसी ने साजिश के तहत यह हमला करवाया हो। मौके पर पहुंचे साहिल के पिता राजकुमार ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, इसके बावजूद उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की वारदात को अंजाम न दे सके।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर के एसएचओ हरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून के अनुसार बनती कार्रवाई की जाएगी। इस फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News