घरेलू कलह के कारण पत्नी को चाकू से गोद-गोद कर मार डाला

Thursday, Oct 15, 2020 - 09:52 PM (IST)

जीरकपुर, ( गुरप्रीत सिंह ) : ढकोली की बसंत विहार सोसायटी में एक महिला को उसके पति ने चाकू से गोद-गोद कर मार डाला। वारदात के बाद आरोपी पति शव को बाथरूम में छिपाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी पति अशोक सैनी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक महिला कि पहचान सुरेश रानी (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के लड़के रूबल सैनी के बयान पर केस दर्ज किया है। डी.एस.पी. डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह, थाना प्रमुख सहायक इंस्पैक्टर नरपिंदर सिंह ने फोरैंसिक टीम के साथ मौके का दौरा कर सैंपल एकत्रित किए। 
अक्सर दोनों का होता रहता था झगड़ा
अशोक सैनी एल्युमीनियम फिटिंग का काम करता है। उसका अक्सर पत्नी सुदेश रानी से झगड़ा रहता था। उनके दो बच्चे हैं, जो बीती रात कमरे में सोने  चले गए। इस दौरान दोनों पति-पत्नी का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद अशोक सैनी ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ कई बार कर दिए। हत्या के बाद खून से लथपथ शव को ड्राईंग रूम से घसीटकर बाथरूम में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। 
 

 

कॉल किया तो बुआ ने कहा-यहां तो आई नहीं
सुबह जब बच्चों ने मां बारे पूछा तो अशोक ने कहा कि उसकी बुआ के पास गई है, जिसकी तबीयत बिगड़ गई है।  इसके बाद अशोक घर से चला गया। बड़ा लड़का रूबल चंडीगढ़ से बी.ए. की पढ़ाई कर रहा है और पार्ट टाईम कॉल सैंटर में नौकरी करता है। उसने बुआ को फोन कर पूछा तो उसने उसकी मां के यहां न आने की बात कही। इसके बाद उसने बार-बार पिता को फ़ोन किया तो वह मान गया कि उसने उसकी मां के साथ मार-पीटकर उसे बाथरूम में बंद कर दिया है। बड़े लड़के ने जब घर आकर बाथरूम का दरवाज़ा तोड़कर अंदर देखा तो उसकी मां का शव खून से लथपथ पड़ा था। 
सोती हुई पत्नी का किया कत्ल
डी.एस.पी. गुरबख्शीश सिंह ने कहा कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोते हुए पत्नी का कत्ल किया है। क्योंकि वह ड्राइंग रूम में गद्दे पर नीचे सोती थी और आरोपी ने वहीं कत्ल करके शव को घसीट कर बाथरूम में बंद कर दिया। पड़ोसियों व बच्चों ने बताया कि बीती रात दोनों पति पत्नी ने संग सैर की और ख़ुशी के साथ सारा परिवार सोया था। वारदात दौरान मृतका का अंगूठा भी काटा गया था, जो पुलिस को शक है कि मृतका ने अपने बचने के लिए हाथ आगे किया होगा।

ashwani

Advertising