बड़ी खबरः खालिस्तान टाइगर फोर्स के 3 सदस्य काबू, देशी पिस्तौल व हैरोइन बरामद

Monday, Jul 05, 2021 - 09:43 AM (IST)

मोगा(आजाद): मोगा पुलिस ने खालिस्तान टाइगर फोर्स (के.टी.एफ.) के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर फिरौती व टारगेट किलिंग की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते उनसे 32 बोर देशी पिस्तौल समेत कारतूसों तथा 20 ग्राम हैरोइन बरामद की है। खालिस्तान टाइगर फोर्स (के.टी.एफ.) को कनाडा से अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला द्वारा चलाया जा रहा था।

गिरफ्तार हुए व्यक्तियों की पहचान मुक्तसर के गांव ईना खेड़ा निवासी यादविंदर सिंह उर्फ यादी, तरनतारन के गांव चक्क वालान के रशपाल सिंह व श्री मुक्तसर साहिब के गांव माझा पट्टी के तलविंदर सिंह उर्फ मिंटू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्लेटी रंग की शैवरलेट क्रूज कार ली है। मोगा पुलिस ने गत दिवस लवप्रीत सिंह उर्फ रवि, राम सिंह उर्फ सोनू तथा कमलजीत शर्मा उर्फ कमल को गिरफ्तार करने के बाद एक टारगेट किलिंग साजिश का पर्दाफाश किया था। इसमें डेरा प्रेमी के कत्ल, एक पुजारी पर फायरिंग, सुक्खा लम्मे कत्ल केस, सुपरशाइन कत्ल केस समेत गुंडागर्दी के कई आरोप थे। अर्श डाला ही इन सारे आरोपों का मुख्य साजिशकत्र्ता है।

एस.एस.पी. ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अर्श डाला मोगा-फिरोजपुर रोड पर स्थित तलवंडी भाई में मिठाई की दुकान के मालिक को जान से मारने की धमकी देकर 30 लाख रुपए की फिरौती मांग रहा था। अर्श ने इन तीनों को यह काम सौंपा था। पुलिस ने इनको पकडऩे के लिए संयुक्त टीमें तैनात की थीं। तीनों ने यह कबूल किया है कि वे अर्श डाला के निर्देशों के तहत ही काम कर रहे थे। इन तीनों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि यादविंदर यादी मारे गए गैंगस्टर विक्की गौंडर का करीबी साथी था। एस.एस.पी. गिल ने कहा कि तब से नैशनल इन्वैस्टीगेशन एजैंसी (एन.आई.ए.) ने टारगेट पर निर्धारित कत्लेआम की घटनाओं की जांच को अपने हाथ में लिया है। इन तथ्यों को राष्ट्रीय एजैंसी के साथ भी सांझा किया गया है। उक्त आरोपियों के खिलाफ थाना समालसर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सी.आई.ए. स्टाफ के सहायक थानेदार मलकीत सिंह ने तीनों को अदालत में पेश किया। अदालत द्वारा उनका 3 दिन का पुलिस रिमांड दिया गया है।

Vatika

Advertising