जोहल को कुछ बेहद गंभीर अपराध की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया: MEA
Friday, Dec 08, 2017 - 10:09 PM (IST)
नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि ब्रिटिश नागरिक जगतार सिंह जोहल को कुछ बेहद गंभीर अपराध की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है और उसके साथ कानून सम्मत ढंग से व्यवहार किया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि जोहल को पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की खबर आई है। इनके खिलाफ कुछ बेहद गंभीर अपराध की जांच चल रही है। इसमें कुछ व्यक्तियों की लक्षित हत्या करने की योजना बनाने का मामला भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि कोई भी मामला जो विदेशी नागरिकों से जुड़ा होता है, उसके बारे में हमें कुछ निश्चित प्रक्रियाओं का पालन करना होता है। हम उस देश से सम्पर्क करते हैं। हमारे उच्चायोग, दूतावास इस बारे में सम्पर्क करते हैं। इसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ती है। कुमार ने कहा कि इस बारे में सभी उचित प्रक्रियाओं और कानून का पालन किया जा रहा है। ब्रिटेन को इस बारे में राजनयिक पहुंच प्रदान किया गया है।