''आप और कांग्रेस मजबूत हैं तो सिद्धू की मिन्नतें क्यों''

Wednesday, Sep 28, 2016 - 08:14 PM (IST)

चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने कहा है कि यदि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस की राज्य में राजनीतिक स्थिति मजबूत है तो ये दल पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू के चौथे मोर्चे की मदद लेने के लिए मिन्नतें क्यों कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश सचिव विनीत जोशी ने आज यहां जारी एक बयान में दावा किया कि कांग्रेस का देश में वजूद खत्म होने को है जबकि आप के झाड़ू की तिल्लियां बिखर चुकी हैं तथा हर रोज आप नेता और कार्यकत्र्ता आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एंड कम्पनी को बेनकाब कर रहे हैं। 


उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को गुमराह कर सत्ता हासिल करने के सपनों के साथ ये दल अपनी करारी हार के डर से ही सिद्धू तथा अन्य नेताओं की मिन्नतें कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह कुछ भी कर लें लेकिन इनकी दाल इस बार गलने वाली नहीं है।
 

Advertising