सुनील जाखड़ के पास 1.53 करोड़ की चल संपत्ति, स्विस बैंक में पत्नी के नाम पर करीब सात करोड़

Friday, May 17, 2019 - 04:03 PM (IST)

गुरदासपुर: गुरदासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील कुमार जाखड़ ने अपने चुनावी हलफनामे में 1.53 करोड़ रुपए की चल सम्पत्ति के अलावा एक स्विस बैंक में पत्नी के नाम पर करीब सात करोड़ रुपए जमा होने की जानकारी दी है। लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत बलराम जाखड़ के बेटे ने विभिन्न बैंक खातों में 1.23 करोड़ रुपए जमा होने की जानकारी दी है। हलफनामे के अनुसार उन्होंने स्विजरलैंड के ज्यूरिख स्थित ज्यूरख कैंटोनल बैंक में पत्नी सिल्विया जाखड़ के नाम पर 7.37 करोड़ रुपए जमा होने की जानकारी दी है। 



सुनील जाखड़ की पत्नी के पास है 1.38 लाख रुपए नगद
जुरखर कैंटोनल बैंक की वेबसाइट के अनुसार वह स्विजरलैंड का सबसे बड़ा बैंक है। सुनील जाखड़ के पास 4.49 लाख रुपए नकद और उनकी पत्नी के पास 1.38 लाख रुपए नगद है। उन्होंने हलफनामे में बताया कि उनके पास 2.88 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति (जो स्वयं अर्जित और विरासत में मिली सहित) और उनकी पत्नी के पास 12.06 करोड़ रुपए की सम्पत्ति है। जाखड़ गुरदासपुर से मौजूदा सांसद हैं, जिनका मुकाबला अभिनेता से राजनेता बने अजय सिहं धर्मेन्द्र देओल (सनी देओल) से है। उन्हें भाजपा ने टिकट दिया है। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने सपत्नी अपनी कुल संपत्ति की घोषणा करते हुए इसे 87.18 करोड़ रुपए बताया है।

19 मई को होगा मतदान
संपत्ति और देनदारियों पर उनके हलफनामे से यह पता चलता है कि 2017-18 में उनकी कुल आय 63.82 लाख रुपए, 2016-17 में 96.29 लाख रुपए और 2015-16 में 2.25 करोड़ रुपए थी। उन्होंने अपनी संपत्ति 87.18 करोड़ रुपए बताई है। हलफनामे के अनुसार उनकी कुल चल एवं अचल संपत्ति क्रमश: 60.46 करोड़ रुपए और 21 करोड़ रुपए है। उन्होंने 26 लाख रुपए नकद और अपनी पत्नी के पास 16 लाख रुपए नकद की जानकारी दी है। चल संपत्ति में देओल ने क्रमश: 9.36 लाख रुपए के बैंक जमा और 1.43 करोड़ रुपए के निवेश की जानकारी दी है। देओल ने अपने ऊपर 51.79 करोड़ रुपए की देनदारियों की घोषणा की है। इनमें सरकारी देनदारी 2.49 करोड़ रुपए की है। गुरुदासपुर में लोकसभा के अंतिम चरण 19 मई को मतदान होगा। 

Anil dev

Advertising