पंजाब के 38 लाख परिवारों के लिए खुशखबरी, हो गया ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 11:41 AM (IST)

लुधियाना(खुराना): पंजाब केसरी द्वारा 6 फरवरी को प्रमुखता से प्रकाशित समाचार ‘पंजाब में सरकारी गेहूं की एलोकेशन नहीं होने से 38 लाख परिवारों के घरों के चूल्हे ठंडे पड़ने का डर’ के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 38 लाख परिवारों के 1.57 करोड़ लोगों के लिए फ्री गेहूं का कोटा जारी कर दिया है। अब इन परिवारों को जनवरी से मार्च तक 3 महीनों के लिए मुफ्त गेहूं मिलेगा।

पिछले कुछ समय से राज्य भर में गरीब परिवारों को फ्री अनाज मिलने में देरी हो रही थी, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। राशन डिपो पर गेहूं के वितरण में देरी से आम जनता में चिंता और बेचैनी बढ़ रही थी, खासकर उन परिवारों में जो पूरी तरह से इस अनाज पर निर्भर रहते हैं। सरकार की इस देरी को लेकर लोगों में चर्चाएं तेज हो गई थीं और कई परिवार राशन डिपो पर चक्कर काटते रहे थे। खास बात यह है कि अब योजना से जुड़े सभी पात्र परिवारों को 15 किलो फ्री गेहूं मिलेगा। प्रत्येक परिवार के सदस्य के लिए 5 किलो गेहूं दिया जाएगा, जिससे परिवार के कुल सदस्य संख्या के आधार पर गेहूं का वितरण किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर यदि एक परिवार में 7 सदस्य हैं, तो उन्हें 105 किलो गेहूं मिलेगा।

ओ.टी.पी. सिस्टम किया बंद
सरकार ने अब फर्जीवाड़े को रोकने के लिए ओ.टी.पी. (वन टाइम पासवर्ड) सिस्टम को बंद कर दिया है। इससे उन सम्पन्न और अमीर परिवारों को नुकसान होगा जो पहले अपने नौकरों को डिपो पर भेजकर फ्री गेहूं हासिल कर लेते थे। अब उन्हें खुद डिपो पर जाकर लाइन में लगकर गेहूं प्राप्त करना होगा, जिससे इस प्रकार के फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा।

राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य को मिलेगा 15 किलो फ्री गेहूं
योजना के तहत प्रत्येक राशन कार्ड में दर्ज सदस्य को प्रति महीने 5 किलो गेहूं मिलेगा। यानी जनवरी से लेकर मार्च तक 3 महीनों के लिए प्रत्येक सदस्य को कुल 15 किलो गेहूं मिलेगा। यदि डिपो होल्डर इस गेहूं को कम या चोरी करने की कोशिश करता है तो उसकी शिकायत खाद्य आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर सरताज सिंह चीमा से की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News