119 लोगों के संपर्क में आई थी इंगलैंड से लौटी युवती, चंडीगढ़ के 23 लोगों को किया कवॉरंटाइन

Friday, Mar 20, 2020 - 08:39 AM (IST)

चंडीगढ़(साजन) : बुधवार देर रात चंडीगढ़ के सैक्टर-21 की युवती में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के बाद प्रशासन ने वीरवार को पता लगाया कि महिला डायरैक्ट व इन-डायरैक्ट तौर पर 119 लोगों के संपर्क में आई। 

इन सब संदिग्धों के बारे में इनके राज्य के एस.एस.ओ. को सूचित कर दिया गया है, जो इन्हें कवॉरंटाइन (नजरबंद) करने में लगे हैं। महिला के संपर्क में आए चंडीगढ़ के 23 लोगों को नजरबंद कर दिया गया है और उन्हें स्टैंप लगाई गई है।

घर के बाहर पुलिस का पहरा :
अल सुबह ही प्रशासन ने सैक्टर-21 में युवती के घर के बाहर न केवल पुलिस तैनात कर दी, बल्कि हैल्थ डिपार्टमैंट की टीम ने मरीज के पिता, भाई, दो नौकरों (जिसमें एक कुक और ड्राइवर) को उन्हीं के घर में नजरबंद कर दिया। वे घर से बाहर संदिग्ध न निकल पाएं और कोई दूसरा इनके घर दाखिल न हो, लिहाजा बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। 

हैल्थ डिपार्टमैंट की टीम भी तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी इमरजैंसी की अवस्था में तुरंत कार्रवाई हो सके। दोपहर को इन सभी संदिग्धों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। हालांकि अभी तक पांचों संदिग्धों में किसी प्रकार का फ्लू या कोरोना वायरस संक्रमण का लक्षण दिखाई नहीं दिया है, लेकिन हैल्थ डिपार्टमैंट की टीम स्थिति पर नजर रखे हुए है। 

संक्रमित के घर संदिग्धों से पूछताछ :
पांचों संदिग्धों से पूछा जा रहा है कि वह और किस-किस के संपर्क में रहे हैं। पूछताछ के आधार पर लोगों को नजरबंद किया जा रहा है। उनकी थर्मल स्क्रीनिंग व सैंपल जांच की जा सकती है। 

पंजाब हैल्थ डिपार्टमैंट से मिलकर कार्रवाई :
वहीं दूसरी ओर वायरस से संक्रमित 23 साल की युवती जो जी.एम.सी.एच.-32 के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है से पूछा जा रहा है कि अमृतसर से लौटते वक्त वह किस-किस के संपर्क में आई थी ताकि उन्हें भी कवॉरंटाइन किया जा सके और उनके सैंपल भी लिए जा सकें। 

सूत्रों के मुताबिक अमृतसर से लौटते वक्त जहां-जहां भी महिला रूकी या किसी के संपर्क में आई वहां पंजाब के हैल्थ डिपार्टमैंट व पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की जा सकती है। महिला के अलावा इसी अस्पताल के आइसोलेशन में भर्ती उसकी मां से भी हैल्थ विभाग की टीम पूछताछ कर रही है कि कौन कौन रविवार को उनकी  बेटी के आने के बाद से उनके घर पर आया या महिला किसके घर गई। 

माली व उसके परिवार को किया नजरबंद :
माली व उसके परिवार के सदस्य व एक अन्य जो युवती के संपर्क में आए थे, उन्हें ढूंढ लिया गया है और उन्हें नजरबंद किया गया है। मोहाली व पंचकूला में भी वह एक-एक व्यक्ति से मिली लिहाजा उन्हें भी होम कवॉरंटाइन कर दिया गया है। दोनों राज्यों के स्टेट सर्विलांस यूनिट को यह जानकारी दे दी गई है। इन पर भी हैल्थ विभाग की टीम प्रोटोकॉल के हिसाब से आगे कार्रवाई करेगी। इन्हें भी नजरबंद किया जा सकता है।

चलाया गया सेनेटाइजेशन अभियान :
उधर सैक्टर-21 में युवती के घर को हैल्थ डिपार्टमैंट की ओर से सैनिटाइज कर दिया गया है। घर के आसपास के इलाके को भी अच्छी तरह से सैनिटाइज किया गया है। प्रशासन व पुलिस ने सैक्टर-21 का यह रास्ता बंद नहीं किया है। लोग बिना घबराहट एरिया से निकल रहे हैं हालांकि बैरीकेड जरूर लगाए गए हैं। 

ड्राइवर रहता है जीरकपुर में :
बताया जा रहा है कि युवती के घर पर काम कर रहा ड्राइवर जीरकपुर का है और उसका परिवार वहां रहता है। पंजाब के एस.एस.ओ. के साथ यह जानकारी सांझा कर ली गई है। 

पैक की मुलाजिम बताई जा रही है युवती :
कहा ये भी जा रहा है कि युवती पैक की मुलाजिम थी, जहां वह कंप्यूटर सैंटर में काम करती थी। पैक प्रशासन ने यहां के मुलाजिमों पर भी एहतियात के तौर पर जांच कराने का फैसला किया है। उनकी भी थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। जरूरत पड़ी तो सैंपल भी लिए जा सकते हैं।

8 और संदिग्ध मरीज भर्ती, 3 की रिपोर्ट नैगेटिव :
जी.एम.एस.एच.-16 में भर्ती 3 महिलाओं की रिपोर्ट नैगेटिव आई है। उन्हें यहां आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया था। एक महिला यू.ए.ई. से, दूसरी यू.के. से और तीसरी बुजुर्ग महिला शहर की ही निवासी है। 

वहीं वीरवार को चंडीगढ़ निवासी युवती जो यू.के. के दौरे से वापस आई थी पी.जी.आई. में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। जीरकपुर का एक बच्चा भी पी.जी.आई. के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है और सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। वह कनाडा से वापस आया था। 

वहीं नयागांव का एक व्यक्ति भी पी.जी.आई. के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जो यू.ए.ई. का दौरा कर लौटा था। मोहाली निवासी एक युवक  भी पी.जी.आई. के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया जो दुबई से लौटा है। उधर मोहाली का एक युवक और चंडीगढ़ की एक महिला जी.एम.सी.एच.-32 में भर्ती हुए हैं। 

Priyanka rana

Advertising