पंजाब सरकार के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, पक्के मोर्चे की दी चेतावनी
punjabkesari.in Monday, Jan 19, 2026 - 07:00 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब में आज किसानों द्वारा पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की ओर से गिरफ्तार किए गए किसान नेताओं की रिहाई को लेकर आज बठिंडा में डिप्टी कमिश्नर दफ्तर को जाने वाले मिनी सचिवालय के गेटों को घेरकर रोष प्रदर्शन किया। सैकड़ों किसानों और किसान महिलाओं ने मिनी सचिवालय के गेटों पर धरना देकर पंजाब सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करके गुस्सा निकाला।

इससे पहले किसानों ने शहर में एक रोष मार्च भी किया। सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिंगारा सिंह मान, महासचिव हरजिंदर सिंह बग्गी और महिला संगठन की नेता हरिंदर कौर बिंदु ने कहा कि पूरा राज्य प्रशासन देश में साम्राज्यवादी देशों की नीतियों को लागू करने के लिए तैयार है, जिसके कारण साम्राज्यवादी समर्थक राष्ट्रीय निजीकरण की नीतियों को लागू करने के लिए पूरी ताकत लगाई जा रही है। किसानों और सभी प्रदर्शनकारी लोगों और इसका विरोध करने वाले बुद्धिजीवी पत्रकारों को चुप कराया जा रहा है और जन आंदोलनों के नेताओं को जेलों में बंद करके नेतृत्वहीन करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की कि गिरफ्तार किसान नेताओं को तुरंत रिहा किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बठिंडा जेल में बंद किसान नेता बलदेव सिंह और शगनदीप सिंह रिहा नहीं हो जाते, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
फाजिल्का में भी रोष प्रदर्शन
वहीं आपको बता दें कि, फाजिल्का में भी किसान मजदूर संघर्ष कमेटी द्वारा डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के आगे इकट्ठे होकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और सरकार का पुतला भी फूंका गया। इस दौरान किसानों ने पंजाब सरकार को सख्त चेतावनी दी है कि, अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो 21 तारीख को पंजाब भर में एसएसपी दफ्तरों में पक्के मोर्चे लगाए जाएंगे।

आपको बता दें कि, मजीठा रैली के दौरान पुलिस द्वारा किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत ले लिया था। इस दौरान स्वर्ण पंधेर को पुलिस ने रिहा कर दिया था लेकिन अन्य किसान नेताओं को रिहा नहीं किया गया। इसी के चलते आज किसानों द्वारा हिरासत में लिए गए किसानों की रिहाई की मांग के लिए प्रदर्शन किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
