फर्जी DIG (डिफैंस) गिरफ्तार

Wednesday, Aug 30, 2017 - 11:22 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): हैड कांस्टेबल को ए.एस.आई. बनाने का झांसा देकर लाखों रुपए की मांग करने वाले फर्जी डी.आई.जी. (डिफैंस) प्रवीण कुमार सभ्रवाल निवासी न्यू दीप एवेन्यू, नानकसर मोहल्ला तरनतारन को थाना सी-डिवीजन की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी खुद को डी.आई.जी.(डिफैंस) बताकर अपनी तैनाती दिल्ली में बता रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए उक्त फर्जी डी.आई.जी. के विरुद्ध धोखाधड़ी व फिरौती मांगने का केस दर्ज कर उसे मानयोग्य अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर ले लिया। प्रवीण कुमार सभ्रवाल ने हैड कांस्टेबल सरवन सिंह को थाने में मुख्य मुंशी लगवाने का झांसा दिया और उससे 15,000 रुपए की ठगी मार ली। इसके उपरांत वह उसे ए.एस.आई. रैंक पर पदोन्नत करवाने के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग करने लगा। जब हैड कांस्टेबल ने आरोपी को पैसे देने से इंकार किया तो वह उसे धमकाने लगा। इसकी शिकायत हैड कांस्टेबल सरवन सिंह ने पुलिस को दी। 

आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह खुलासा बुधवार को एक पत्रकार सम्मेलन दौरान जिला पुलिस के ए.डी.सी.पी. ने किया। उनके साथ ए.सी.पी. मनजीत सिंह व थाना प्रभारी इंस्पैक्टर अमरीक सिंह भी थे। प्रारम्भिक जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी के विरुद्ध शहर के विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन से भी अधिक धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। कई मामलों में आरोपी भगौड़ा भी घोषित किया जा चुका है। पुलिस उक्त आरोपी के विरुद्ध पैंडिंग पड़े मामलों को खंगाल रही है। 

Advertising