बेअंत सिंह के पोते की DSP पोस्ट का विवाद: पंजाब सरकार ने जारी नोटिस पर जवाब के लिए मांगा समय

punjabkesari.in Tuesday, Dec 05, 2017 - 11:04 PM (IST)

चंडीगढ़(बृजेन्द्र): पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह के पोते गुरइकबाल सिंह को पंजाब पुलिस में डी.एस.पी. की नौकरी दिए जाने की कार्रवाई को चुनौती देते हुए दायर याचिका में पंजाब सरकार ने जवाब के लिए समय की मांग की है। हाईकोर्ट ने समय देते हुए केस में 23 जनवरी की तारीख तय की है। 

बेअंत सिंह के पोते के लिए जारी डी.एस.पी. पोस्ट के नोटीफिकेशन को गत अक्तूबर में हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी जिस पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। वर्ष 1995 में पंजाब सिविल सैक्रेटरिएट परिसर में बम ब्लास्ट में मारे गए तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते को पंजाब सरकार द्वारा पुलिस विभाग में डी.एस.पी. की पोस्ट देने को लेकर मई, 2017 में जारी नोटीफिकेशन को रद्द करने की मांग याचिका में की गई है। मामले में पंजाब सरकार समेत पंजाब पुलिस सर्विस कमीशन व गुरइकबाल सिंह को पार्टी बनाया गया है। 

याचिका में मांग की गई है कि गुरइकबाल की अनुकंपा के आधार पर सीधे रूप से पंजाब पुलिस में डी.एस.पी. की पोस्ट पर नियुक्ति को रद्द किया जाए। याचिका में संबंधित नियुक्ति को पंजाब पुलिस सर्विस रूल्स का उल्लंघन बताया गया है। इसके पीछे कहा गया है कि एक तो गुरइकबाल योग्यता के आधार पर उम्र की सीमा लांघ चुके हैं और दूसरी ओर याची को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की जरूरत नहीं क्योंकि उनका वित्तीय और राजनीतिक स्तर काफी ऊंचा है। साथ ही मांग की गई है कि केस के लंबित रहने तक गुरइकबाल की नियुक्ति पर स्टे लगाया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News