मान सरकार का दोहरा चेहरा उजागर, जालंधर में जन संवाद कार्यक्रम के बीच कर्मचारी नेताओं को किया नजरबंद
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 05:25 PM (IST)
जालंधर : जालंधर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के जन संवाद कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी संगठनों ने सरकार पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि एक ओर सरकार जनता से संवाद का संदेश दे रही है। वहीं दूसरी ओर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारी नेताओं को घरों और दफ्तरों में नजरबंद किया गया।

सीपीएफ कर्मचारी यूनियन के पंजाब प्रधान सुखजीत सिंह ने दावा किया कि उन्हें बीती रात से ही पुलिस प्रशासन द्वारा घर में ही रोक दिया गया है। उनका कहना है कि कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने के अधिकार को दबाया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने बताया कि कपूरथला में यूनियन से जुड़े एक अन्य पदाधिकारी को भी कथित तौर पर घर में ही सीमित कर दिया गया। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार वादों को पूरा करने की बजाय विरोध की आवाजों को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। यूनियन प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
