दाऊद इब्राहिम त्यौहारों पर हमलों की रच रहा है साजिश

Thursday, Oct 05, 2017 - 11:39 PM (IST)

अमृतसर(कक्कड़): वर्ष 1993 में मुम्बई बम धमाकों का मास्टर माइंड दाऊद इब्राहिम इस समय पाक में शाही जिंदगी व्यतीत कर रहा है। वह पुन: मुम्बई में हमले की तैयारी हेतु आतंकी संगठनों के साथ सम्पर्क बढ़ा रहा है। 

सूत्रों से पता चला है कि दाऊद का नैटवर्क भारत में इस समय सुचारू रूप से काम कर रहा है और वह पाक से ही इस पर नियंत्रण कर रहा है। दाऊद इब्राहिम ने बंगलादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान में नकली भारतीय करंसी छापने और अवैध हथियारों के कारोबार करके एक देशद्रोही की भूमिका निभाई है। वह विगत कई वर्षों से भारत से भगौड़ा है। वह ऐसा शातिर है कि समय-समय पर ठिकाने बदलता रहता है। 

दाऊद के अनेक गुप्तचर भारत में सक्रिय हैं। दाऊद के सरहद पार के प्रमुख आतंकी संगठनों से भी संबंध हैं। दाऊद जब मुम्बई में था तो उसके अनेक फिल्म हस्तियों के साथ संबंध थे। हथियारों का कारोबार उसने मुंबई से ही शुरू किया था। मुम्बई हमले के 24 वर्ष बाद दाऊद त्यौहारों के दौरान हमलों को अंजाम दे सकता है। दाऊद के बहन-भाई भारत में ही हैं जो कि विगत कुछ वर्षों से उससे अलग रह रहे हैं। दाऊद जो कि अपराध की दुनिया के सुपर स्टार की पदवी हासिल कर चुका है, ने भारत में अरबों रुपए की नकली भारतीय करंसी भेजने के लिए बंगलादेश और श्रीलंका में छपाई कारखाने भी स्थापित किए हैं। 

Advertising