ट्राईसिटी में बढ़ी कोरोना की चेन, एक दिन में आए 7 केस

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2020 - 09:51 AM (IST)

चंडीगढ़, नयागांव, पंचकूला(पाल/जोशी/आशीष) : चंडीगढ़ के सैक्टर-30 की महिला और मोहाली के नयागांव के पी.जी.आई के वर्कर की चेन ने लोगों का चैन छीन लिया है। रविवार को सैक्टर-30 की 52 वर्षीय महिला का 56 वर्षीय पति, 25 वर्षीय बेटा और डेढ़ साल की पोती भी कोरोना पॉजीटिव आई है। 

वहीं मोहाली के नयागांव निवासी और पी.जी.आई. में हॉस्पिटल अटैंडैंट सुनील कुमार का साला, मां, पत्नी और सवा माह की बच्ची कोरोना पॉजीटिव आए हैं। सैक्टर-30 की महिला और पी.जी.आई. वर्कर शुक्रवार को कोरोना पॉजीटिव आए हैं। 

वहीं पंचकूला के सैक्टर-15 में पॉजीटिव पाई गई सोनिया महाजन का इलाज करने वाले डॉ. नागपाल से चैकअप करवाने आए नारायणगढ़ के गांव शहजादपुर के एक परिवार के 3 सदस्यों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं सूत्रों के अनुसार पी.जी.आई. के 6 डॉक्टर कोरोना सस्पैक्टेड पाए गए हैं। 

धनास में 6 लोगों की रिपोर्ट नैगेटिव : 
पी.जी.आई. में काम करने वाले 52 साल के एस.ए. के 7 फैमिली कांटैक्ट्स की सैंपलिंग की रिपोर्ट में 6 लोग नैगेटिव आए हैं, जबकि एक की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। 

दुकान, मैडीकल स्टोर और वेरका बूथ सील : 
बहलाना और रायपुर खुर्द, जिसमें दो दुकानें साई मैडीकोज, एक करियाने की दुकान और एक वेरका बूथ को सील किया गया है। 

92 घरों के 330 मैंबरों का सर्वे : 
नयागांव में आदर्श नगर के एक फैमिली के पांच मैंबरों के कोरोना पॉजीटिव आने के बाद घर के आसपास पड़ते घरों का सर्वे विभाग ने किया। एस.एम.ओ. कुलजीत कौर ने बताया कि आदर्श नगर में 92 घरों के 330 मैंबरों का सर्वे किया गया है। लोगों को अपील की गई कि खांसी-जुकाम आने पर विभाग को सूचित करें। 

सैक्टर-30 में 8 घर किए सील : 
64 कम्युनिटी कांटैक्ट ट्रेस किए गए हैं। सैक्टर-30 में ही 8 घरों की सील किया गया है, जबकि मलोया के 2 घरों को भी सील किया जा चुका है। सैक्टर-29 में भी 2 घरों को सील किया गया है। 

चंडीगढ़ में अब तक 26 मरीज हो चुके : 
चंडीगढ़ में कोरोना पॉजीटिव का आंकड़ा अब 26 हो गया है। इनमें 3 केस रविवार को सामने आए। तीनों मरीजों को पी.जी.आई. के नेहरू एक्सटैंशन में इलाज के लिए भेज दिया गया है। 

मोहाली में 61 कोरोना पॉजीटिव : 
मोहाली में अब तक 61 लोग कोरोना पॉजीटिव आ चुके हैं। इनमें कोरोना के 4 केस रविवार को सामने आए हैं। डेराबस्सी के अकेले जवाहरपुर गांव में ही 38 मरीज आ चुके हैं। 

पंचकूला जिले में 17 मरीज हो चुके अब तक : 
पंचकूला में कोरोना के मरीज 17 हो चुके हैं। रविवार को यमुनानगर के शहजादपुर के एक ही परिवार के 3 मैंबरों में कोरोना की पुष्टि हुई। ये पंचकूला के उसी डॉक्टर के पास चैकअप के लिए आए थे, जिसके पास पंचकूला की कोरोना पेशैंट गई थी। 

कोरोना पेशैंट बच्ची को दवा देने वाली डॉक्टर और हैल्पर समेत 17 लोग होम क्वॉरंटाइन : 
नयागांव के पी.जी.आई. वर्कर के मामले में एस.एम.ओ. ने बताया कि कुछ दिन पहले बच्ची को बुखार हो गया था। परिवार के सदस्यों ने उसे आदर्श नगर में डॉक्टर शिवानी के पास दिखाया था, जहां से उसे दवाई दी गई थी। 

डॉक्टर शिवानी समेत परिवार के 6 मैंबरों और उसकी हैल्पर लक्ष्मी घर का एक गेट होने के चलते 4 और परिवारों को 14 दिन के लिए होम आइसोलेट कर दिया गया है। इन 5 घरों में 19 मैंबर रहते हैं, वहीं दूसरी ओर नगर कौंसिल की ओर से आदर्श नगर एरिया सहित नयागांव को सैनीटाइज किया जा रहा है। इंस्पैक्टर अशोक कुमार ने बताया कि नयागांव में कोरोना के 5 केस आने के बाद नयागांव में पुलिस ने नाकाबंदी कर पूरी तरह सील कर दिया है। एरिया के कुछ हिस्सों को बैरीकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। 

नागपाल के मरीजों की होगी स्क्रीनिंग : 
सैक्टर-11 के डा. ऋषि नागपाल का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि पता लगाया जा सके कि 20 दिन में डॉ. नागपाल के पास कितने मरीज आए और कितने लोग बीमार हैं। पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर के मुताबिक डॉक्टर नागपाल के संपर्क में आने वाले हर मरीज की स्क्रीनिंग की जाएगी। 

उनके रजिस्टर से रिकॉर्ड लेकर सभी मरीजों को मैसेज करके होम क्वॉरंटाइन रहने के लिए हिदायत दी गई है। हालांकि डॉ. नागपाल की रिपोर्ट नैगेटिव आई है, लेकिन पंचकूला सैक्टर 15 की एक महिला समेत उसके परिवार के 9 सदस्यों को कोरोना पुष्टि होने के बाद डॉ. नागपाल के खिलाफ पंचकूला पुलिस द्वारा लापरवाही बरतने का मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News