आतिशी की कथित टिप्पणी पर सियासी घमासान, BJP ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के खिलाफ किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Friday, Jan 09, 2026 - 06:54 PM (IST)

पंजाब डेस्क/नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को लेकर पंजाब व दिल्ली में जोरदार विरोध प्रदर्शन हो रहा है। दिल्ली विधानसभा में आतिशी मार्लेना से जुड़ी एक कथित टिप्पणी को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। सिख गुरु तेग बहादुर से जुड़े कथित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया और आम आदमी पार्टी पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी के कुछ नेता बार-बार भारतीय धर्म और संस्कृति से जुड़े विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि इस तरह के बयान जानबूझकर दिए जाते हैं, जिससे समाज में असंतोष फैलता है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज जहां पंजाब के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन किया वहीं दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और आतिशी मार्लेना तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की।

पार्टी  के महासचिव तरुण चुघ ने कहा कहा कि, आम आदमी पार्टी के नेता जानबूझकर सिख गुरुओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। पहले भी आम आदमी पार्टी के नेताओं के बयानों से सिख समाज की भावनाएं आहत हुई। भारतीय धार्मिक परंपराओं का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है और इस तरह के विवाद समाज में तनाव पैदा करते हैं। चुघ ने कहा कि, बार-बार हिन्दुओं और सिखों को अपमानित किया जा रहा है। वहीं ऐसे ही एक मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी सिख समुदाय सफाई मांग रहा है। चुघ ने कहा कि, ये मामला केवल दिल्ली या पंजाब तक सीमित नहीं है। ये हिन्दू और सिखों का भी नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान के स्वाभिमान और संस्कृति का है। जिन गुरुओं ने धर्म संस्कृति के लिए अपने प्राण त्याग दिए हैं उनके बारे में आपत्तिजनिक बयान दिए जा रहे हैं, जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

वहीं आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। आम आदमी पार्टी ने पूरे मामले की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News