चंडीगढ़ में रिकॉर्ड ठंड के बाद बदला मौसम, भारी बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 01:37 PM (IST)
चंडीगढ़ : पिछले चार दिनों से शहर के तापमान में 10 डिग्री की बढ़ोतरी होने से अब यह महसूस ही नहीं हो रहा कि इस महीने के पहले 15 दिन शहरवासियों ने रिकॉर्ड तोड़ कड़ाके की ठंड झेली थी। रविवार को उत्तर भारत के 6 राज्यों में सबसे गर्म रहे चंडीगढ़ के तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 25 डिग्री के करीब पहुंचते हुए 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़े हुए तापमान के बीच सोमवार को भी दिल्ली और गुरुग्राम के बाद चंडीगढ़ 6 राज्यों में तीसरा सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम में आए बदलाव का असर यह रहा कि दोपहर के समय लोगों ने गर्म कपड़े छोड़कर हल्के कपड़े पहनने शुरू कर दिए। शहर घूमने आए पर्यटकों को तो इतनी गर्मी महसूस हुई कि उन्होंने जैकेट और स्वेटर उतारकर केवल शर्ट में ही सैर का आनंद लिया। आने वाले दिनों में भी शहर का तापमान इसी तरह बना रहेगा, लेकिन 22 जनवरी के बाद मौसम में फिर बदलाव आएगा और ठंड लौटेगी। मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी तक तापमान लगभग ऐसा ही रहेगा, जबकि 22 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का एक मजबूत सिस्टम पूरे उत्तर भारत में सक्रिय होने की संभावना है।
अगले तीन दिनों तक शहर में बादल छाए रहेंगे, साथ ही बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से 25 जनवरी तक चंडीगढ़ में अच्छी बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं। वहीं 23 जनवरी को चंडीगढ़ में भारी बारिश हो सकती है।
