Punjab: गुरुद्वारे के बाहर AAP नेता की ह+त्या पर भड़के तरुण चुघ, बोले, "पंजाब में गैंगस्टर राज”
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 04:04 PM (IST)
जालंधरः बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की दिनदहाड़े हत्या को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। तरुण चुघ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा," गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई यह निर्मम हत्या केवल एक अपराध नहीं, बल्कि यह इस बात का भयावह संकेत है कि पंजाब पूरी तरह कानूनविहीनता की ओर बढ़ रहा है।"
The brutal daylight killing of AAP leader Lucky Oberoi outside a sacred Gurdwara in Jalandhar is not just a murder, it is a chilling reminder that Punjab is slipping into complete lawlessness under the Bhagwant Mann government.
When leaders of the ruling party themselves are…
— Tarun Chugh (@tarunchughbjp) February 6, 2026
भाजपा नेता ने आगे लिखा," जब सत्तारूढ़ पार्टी के नेता ही सार्वजनिक स्थानों पर गोलियों का शिकार हो रहे हैं, तो यह राज्य में शासन व्यवस्था के पूरी तरह चरमरा जाने और गैंगस्टर राज के खतरनाक रूप से बढ़ने को उजागर करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सत्ता में बैठे लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या भरोसा रह जाता है। अरविंद केजरीवाल ने पंजाब से अपराधियों और असामाजिक तत्वों को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन इसके विपरीत राज्य आज भय, नशाखोरी, संगठित अपराध और प्रशासनिक पंगुता की ओर धकेला जा रहा है।
तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार लोगों की जान की सुरक्षा करने के बजाय राजनीतिक दिखावे और पीआर में ज्यादा व्यस्त नजर आ रही है। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब, जो कभी अपनी बहादुरी और समृद्धि के लिए जाना जाता था, आज कमजोर नेतृत्व और प्रशासनिक विफलता के कारण अराजकता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को सुरक्षा, सम्मान और ऐसी सरकार चाहिए जो वास्तव में शासन कर सके।
