AAP नेता के Pre Wedding Shoot में पुलिस का इस्तेमाल क्यों? मान सरकार पर बरसे मजीठिया

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 01:46 PM (IST)

चंडीगढ़/अमृतसर: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो सांझा करते हुए पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। मजीठिया ने कहा कि पंजाब के सरहदी जिले गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी गई, लेकिन अभी तक पुलिस यह पता नहीं लगा सकी कि यह वारदात किसने और कैसे अंजाम दी। उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए इसे कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया।

 

प्री-वेडिंग शूट में पुलिस के इस्तेमाल पर विवाद
दूसरी ओर, मजीठिया ने आरोप लगाया कि मार्केट कमेटी बटाला के नवनियुक्त चेयरमैन इंजीनियर माणिक मेहता के प्री-वेडिंग शूट के लिए असली पुलिस कर्मियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी के निजी कार्यक्रम के लिए पुलिस बल का उपयोग किया गया हो। मजीठिया ने सवाल उठाया कि क्या ‘आप’ नेताओं के निजी कार्यक्रमों की सुरक्षा, पुलिस कर्मियों की अपनी सुरक्षा से ज्यादा अहम है? उन्होंने डीजीपी और मुख्यमंत्री (जो गृह मंत्री भी हैं) पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे हालात में पंजाब का “रब ही राखा” है और इनसे कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। अकाली नेता ने मांग की कि वीडियो शूट में शामिल पाए गए पुलिस कर्मियों को तुरंत निलंबित किया जाए। उन्होंने डीजीपी से स्पष्ट करने को कहा कि पुलिस कर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी की बजाय प्री-वेडिंग शूट के लिए क्यों भेजा गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News