रोपड़ में मजीठिया का जोरदार स्वागत, बोले,"पंजाब को दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं"
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 01:30 PM (IST)
रोपड़: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है। गैंस्टरवाद बढ़ रहा है, किसानों और युवाओं के साथ धोखा हो रहा है, उद्योग पंजाब से बाहर जा रहे हैं और मीडिया की स्वतंत्रता पर दबाव बनाया जा रहा है। मजीठिया ने आरोप लगाया कि पंजाब को दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चलाने की कोशिश की जा रही है, जिसे कोई भी पंजाबी कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि पंजाब के लोग और युवा ही राज्य का भविष्य तय करेंगे और पंजाब को कमजोर करने वाली ताकतों को करारा जवाब दिया जाएगा।

रोपड़ में मजीठिया का भव्य स्वागत, पुलिस व्यवस्था रही सख्त
रोपड़ शहर से गुजरते समय शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया का अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान परमजीत सिंह मक्कड़ और जिला अकाली दल के अध्यक्ष दरबारा सिंह बाला ने बताया कि मजीठिया अमृतसर के दरबार साहिब श्री गुरुद्वारा श्री हरिमंदिर साहिब (दरबार साहिब) में नतमस्तक होकर अरदास करने के लिए जा रहे थे। रोपड़ में पुलिस लाइंस के पास बाईपास पर जिला जत्थेबंदी और शहर निवासियों ने उनका स्वागत किया, जिसकी अगुवाई पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने की। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
मजीठिया का संदेश: गुरु रामदास जी के चरणों में नतमस्तक होकर शुकराना
इस मौके पर मजीठिया ने कहा कि वे गुरु रामदास महाराज के चरणों में नतमस्तक होकर गुरु साहिब का शुक्राना अदा करते हैं। उन्होंने बताया कि हर मुश्किल समय में गुरु साहिब ने उन्हें सच्चाई के मार्ग पर चलने की शक्ति दी है। मजीठिया ने स्पष्ट किया कि यह कोई पूर्व-निर्धारित राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि सोशल मीडिया पर लोगों की इच्छा के कारण रास्ते में रुककर संगत और समर्थकों से मिलना हुआ। उन्होंने कहा कि यह किसी जीत का जश्न नहीं, बल्कि लोगों के प्यार, सम्मान और अरदासों का आभार व्यक्त करने का अवसर था। अकाली दल को एकजुट करने के सवाल पर मजीठिया ने कहा कि इस संबंध में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से बातचीत हो चुकी है और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने पर सहमति बनी है।
