जेल से रिहा होते ही गरजे बिक्रम मजीठिया, "भगवंत मान को कह दो "ना मजीठिया रुकेगा और ना झुकेगा"

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 04:05 PM (IST)

पटियाला/नाभा: लंबे समय बाद नाभा जेल से बाहर आए वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। जेल से बाहर आते ही उन्होंने गुरु साहिबान का धन्यवाद किया और दिल्ली की सरकार को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि आने वाले समय में वे सरकार की “ईंट से ईंट बजा देंगे।”

मजीठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को संदेश दे दिया जाए कि न तो मजीठिया रुकेगा और न ही झुकेगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें जितना दबाने की कोशिश की, वाहेगुरु ने उन्हें उतनी ही ताकत दी। उन्होंने बताया कि जेल में बिताए दिनों के दौरान साहिबजादों की शहादत के दिन भी आए, जिससे उन्हें सबसे बड़ी प्रेरणा मिली। मजीठिया ने कहा कि छोटे साहिबजादों ने मुगल शासक औरंगजेब के दबाव में झुकने से इनकार कर सच और हक की बात मजबूती से कही। उन्होंने कहा कि यह रास्ता कठिन है, सरकारें केस दर्ज करती हैं और कई तरह की परेशानियां देती हैं, लेकिन सच के रास्ते से गिरना नहीं चाहिए।

मजीठिया ने कहा कि जब उन्हें पता चलता था कि पंजाब पुलिस नया मामला दर्ज करने वाली है, तब भी उन्हें हौसला मिलता था। उन्होंने दिल से अपनी माताओं, बहनों, बुजुर्गों और मजीठा हलके के सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके लिए दिन-रात अरदास की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहती थी कि वे जेल से बाहर न आ सकें। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारों को नहीं छोड़ा जा रहा, तो फिर वे कौन सी चीज हैं। मजीठिया ने कहा कि पंजाब के कई पत्रकारों पर केस दर्ज किए गए हैं और पंजाब केसरी ग्रुप पर भी झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार को सच का आईना दिखाता है, उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। मजीठिया ने फिर दोहराया कि भगवंत मान को बता दिया जाए कि न तो मजीठिया रुकेगा और न ही झुकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News