राजभवन में बंकर निर्माण पर बोले बंसल, बाकी विशेष व्यक्तियों की सुरक्षा का क्या है इंतजाम?

Sunday, Dec 29, 2019 - 09:55 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी) : पंजाब राजभवन में बंकर के निर्माण को बेहद गंभीर मसला बताते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने शहर में रह रहे तमाम विशेष व्यक्तियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है।

बंसल ने कहा कि इस मामले पर पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक वी.पी.बदनौर को पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री व सुरक्षा एजैंसियों के साथ तत्काल बैठक करनी चाहिए ताकि तमाम विशेष व्यक्तियों की सुरक्षा का रिव्यू हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब राजभवन की सुरक्षा के कई घेरे हैं। काफी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं। 

सुरक्षा एजैंसियों की मंजूरी के बिना कोई भी राजभवन में दाखिल नहीं हो सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री तक को राजभवन में दाखिल होने से पहले सूचित करना पड़ता है। उस पर वी.पी. बदनौर बेहद नेक इंसान हैं। इसके बावजूद भी अगर उनकी सुरक्षा पर इतना गंभीर संकट मंडरा रहा है तो चंडीगढ़ में रहने वाले बाकी विशेष व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना लाजमी है। 

तत्काल समीक्षा होनी चाहिए :
चंडीगढ़ में पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास सहित पंजाब एंड हरियाणा के चीफ जस्टिस का आवास और हरियाणा के राज्यपाल का राजभवन भी है। इसलिए इस बात की तत्काल समीक्षा होनी चाहिए कि इन विशेष व्यक्तियों की सुरक्षा का क्या इंतजाम है। सिर्फ पंजाब राजभवन में बंकर खुदवाने से काम नहीं बनेगा। 

रोमानिया के राजा खुदवाते थे बंकर :
पूर्व केंद्रीय मंत्री बंसल ने कहा कि बंकर का यह कान्सैप्ट तानाशाही के दौर में होता था। रोमानिया के राजा बंकर खुदवाते थे, ताकि वह विरोधियों से सुरक्षित रह सकें। उनके महल के नीचे सुरंग होती थी, जो बंकर तक पहुंचाती थी। 

यहां चंडीगढ़ में तो पहली बार बंकर के बारे में सुनने को मिल रहा है। फिर भी अगर सुरक्षा का इतना गंभीर मसला है तो बेशक बंकर खुदवाए जाएं लेकिन बाकी विशेष व्यक्तियों की सुरक्षा के बारे में चिंता की जानी चाहिए। इसी कड़ी में प्रशासनिक अधिकारियों व आम जनमानस की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। 

Priyanka rana

Advertising