अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर आन एराइवल वीजा सुविधा की मांग: सोहन सिंह

Thursday, Sep 03, 2015 - 08:29 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब के पर्यटन एंव सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सोहन सिंह ठंडल ने केन्द्र सरकार से अमृतसर तथा मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर पर्यटकों को ऑन एराइवल वीजा देने की मांग की है।
 
सिंह ने आज यहां कहा कि राज्य में पर्यटन के फलने फूलने की अपार संभावनाएं हैं। विभिन्न शहरों में विरासती, ऐतिहासिक, धार्मिक स्थल पंजाब का गौरव हैं। राज्य में ऐतिहासिक, मेडिकल तथा धार्मिक पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। पंजाब के बड़ी संख्या में लोग विदेशों में रह रहे हैं। विदेशों से आने वाले पर्यटकों को दिल्ली के रास्ते आने में समय लगता है। ऐसे में इसी माह चालू होने वाले मोहाली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि मोहाली तथा अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर पर्यटकों को आते ही वीजा देने की सुविधा आरंभ की जाए तो पर्यटकों की संख्या में दोगुना वृद्धि हो सकती है। इससे पंजाब की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। उन्होंने विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मांग रखी है।
 
ठंडल पंजाब दौरे पर आए दस देशों के छात्रों को आज विदाई दे रहे थे। ये 21 दिनों के भारत दौरे पर आए हैं जिसमें से 14 दिन दिल्ली और आगरा में घूमे 1 उन्होंने 32 छात्रों की मेजबानी करते हुए इन्हें राजकीय अतिथि घोषित किया था। ये छात्र अमृतसर के हरमंदिर साहिब, दुर्गयाणा मंदिर, जलियांवाला बाग, अटारी वाघा अंतरराष्ट्रीय सीमा, कपूरथला में साईंस सिटी, पुरातन किला, आनंदपुर साहिब में विरासत-ए-खालसा, तख्त श्री केशगढ़ साहिब, पटियाला में किला मुबारकपुर, शीश महल, चप्परचिड़ी में बाबा बंदा सिह बहादुर स्मारक तथा चंडीगढ़ घूमे। 
 
 
Advertising