आधी रात को आश्रम में घुसे लुटेरे, डेढ़ घंटे तक आश्रम में मचाते रहे रहे तांडव (तस्वीरें)

Thursday, Jul 23, 2015 - 01:56 PM (IST)

फिल्लौर (भाखड़ी): बीती रात शहर के बाहर मेन जी.टी. रोड के नजदीक काला कच्छा गिरोह के भेष में आए 25 हथियारबंद लुटेरों ने कुष्ठ रोगियों को बंदी बना कर लाखों की नकदी, सोने के गहने व सामान लूट कर फरार हो गए। लुटेरे आश्रम में डेढ़ घंटे तक रुक कर वारदात को अंजाम देते रहे। उनके जाने के बाद कंट्रोल रूम पर फोन करके सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस पहुंची।
 
शहर के बाहर नैशनल हाईवे के नजदीक कुष्ठ रोगियों के रहने के लिए बने सतलुज कुष्ठ आश्रम में 30 के करीब रोगियों के परिवार रहते हैं। गत देर रात्रि 12 बजे हथियारबंद लुटेरे आश्रम के पीछे बने छोटे गेट के ताले को तोड़ कर अंदर दाखिल हो गए। आश्रम के प्रबंधक कृष्णा के मुताबिक सभी डकैतों ने काले रंग के कच्छे बनियान पहने हुए थे। इनमें से एक के हाथ में रिवाल्वर व बाकी सभी के हाथों में तलवारों, चाकू और डंडे थे। 
 
लुटेरों ने निचली मंजिल पर सो रहे रोगियों को थप्पड़ मार कर जगाया। लुटेरों ने कुछ लोगों को कमरों में बंद कर दिया और कुछ महिलाओं को रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद लुटेरे कुछ गोलकों के ताले तोड़ कर नकदी व गहने निकाल लिए। लुटेरे डेढ़ घंटे तक आश्रम में तांडव मचाते रहे। शोर सुनकर ऊपरी मंजिल पर सो रहे दूसरे अन्य साथी जाग गए और अपने कुछ साथियों को रस्सियों से बंधा देख वह पूरा माजरा समझ गए। जैसे ही उन्होंने ऊपर से आवाज लगाई तो एक लुटेरे ने उनकी तरफ रिवाल्वर तानते हुए गोली से मारने की धमकी दी। 
 
इतने में ऊपर से उनके साथियों ने लुटेरों पर ईंटों से हमला बोल दिया जिसमें एक लुटेरे का सिर फट गया और कुछ अन्य घायल हो गए। हमले के कारण लुटेरे घबरा कर भागने शुरू हो गए। कृष्णा ने बताया कि जाते हुए लुटेरे गोलक से एक लाख से ज्यादा की नकदी, सोने-चांदी के गहने व 2 अटैचियों में कपड़े व अन्य कीमती सामान भर कर ले गए। 
 
उनके जाने के बाद उन्होंने तुरंत फिल्लौर थाने में सूचना दी परंतु एक घंटे बाद भी जब उनकी रक्षा के लिए कोई पुलिस अधिकारी नहीं पहुंचा तो उन्होंने 100 नंबर मिला कर पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मात्र 2 पुलिस मुलाजिम वहां पहुंचे। आश्रम के लोगों के दिलों में पुलिस की कार्यप्रणाली के विरुद्ध गहरा रोष था। 
 
प्रात: घटनास्थल पर पहुंचे डी.एस.पी. अश्विनी कुमार अत्तरी ने कहा कि लुटेरों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए उन्होंने विशेष पुलिस टीम का गठन कर दिया है। अगर कोई इन लुटेरों के संबंध में पुलिस को जानकारी देगा तो उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे बकायदा पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
Advertising