भूख हड़ताल पर बैठे बापू सूरत को पुलिस ने जबरदस्ती उठाया

Tuesday, Jul 21, 2015 - 10:41 AM (IST)

लुधियाना (कुलवंत): सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर पिछले 187 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे बापू सूरत सिंह खालसा के समर्थकों पर आज दोपहर जगराओं पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया जिसमें सत्कार कमेटी के प्रमुख सुखजीत सिंह खोसा सहित दर्जनों लोग घायल हो गए। 

वहीं मीडिया कर्मियों पर भी लाठियां बरसा कर उनके कैमरे तक छीन लिए। पुलिस ने बापू के समर्थकों को हिरासत में लेकर थाना सुधार भेज दिया। इसके अलावा बापू सूरत सिंह खालसा को उनके घर से जबरन उठा कर सिविल अस्पताल लुधियाना में दाखिल करवाया। गांव में लाठीचार्ज के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। 

पुलिस ने चारों तरफ  एंट्री प्वाइंट पर नाकाबंदी कर हर व्यक्ति के आने  पर रोक लगा दी है। केवल गांव के ही लोगों को आने-जाने दिया जा रहा है। एस.एस.पी. जगराओं रवचरण सिंह बराड़ खुद बापू सूरत सिंह खालसा को एम्बुलैंस में डाल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। 

वहां भी पुलिस ने सख्त पहरा लगाकर आने-जाने वालों पर रोक लगा दी है। सिविल अस्पताल में बापू सूरत सिंह खालसा के साथ उनके 2 समर्थक ही हैं, जबकि उनके परिजन भी पुलिस के डर से घर के अंदर ही बंद हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बापू सूरत सिंह खालसा के साथ बातचीत की और उन्हें अस्पताल में दाखिल होने के लिए निवेदन किया लेकिन बापू सूरत सिंह खालसा नहीं माने।

जब अधिकारी बापू सूरत सिंह के साथ बात कर रहे थे तो गर्म दल के सदस्यों के साथ पुलिस अधिकारियों की कहासुनी हो गई। इतने में पुलिस बल बापू सूरत सिंह खालसा के घर की दीवार फांद कर अंदर घुस आए और उन्होंने समर्थकों को घेर लिया व लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया। 

Advertising