दलजीत ने साधा संजय सिंह पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2015 - 05:57 PM (IST)

जालंधरः आम आदमी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य तथा अनुशासन समिति के अध्यक्ष डॉ़. दलजीत सिंह ने कहा कि पंजाब के राजनीतिक मामलों के प्रभारी संजय सिंह ने पार्टी की पंजाब इकाई के संगठनात्मक ढांचे में फेरबदल करते समय राज्य कार्यकारिणी तथा पंजाब के सांसदों को विश्वास में नहीं लिया।

पंजाब में पार्टी के सांसदों में फैले असंतोष के लिए सिंह को दोषी ठहराते हुए उन्होंने सिंह तथा पंजाब प्रधान सुचा सिंह छोटेपुर को पार्टी से निकाले जाने की मांग की है।  डॉ़. दलजीत सिंह ने कहा कि राज्य में 2017 विधानसभा चुनाव के लिए गठित कमेटी में पंजाब से पार्टी के सभी सांसदों की अनदेखी करना अनुचित है। 

उन्होंने कहा कि राज्य कार्यकारिणी समिति ने कुछ मेहनती कार्यकर्ताओं के नामों की सिफारिश की थी लेकिन दुर्भाग्यवश इस कमेटी में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जो कुछ दिन पहले ही पार्टी में आए हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि पार्टी के संविधान के अनुसार ऐसा कोई भी व्यक्ति पार्टी में शामिल नहीं हो सकता जिसने पिछले 10 वर्षों में किसी राजनीतिक दल के लिए चुनाव लड़ा हो तथा किसी को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की स्वीकृति के बिना पार्टी में शामिल नहीं किया जा सकता। 

उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी सांसद, कार्यकारिणी के सदस्य तथा पंजाब के लोग भावनात्मक रूप से अरविंद केजरीवाल से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुचा सिंह छोटेपुर तथा संजय सिंह पार्टी के संविधान के खिलाफ काम कर पार्टी को खत्म कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News