गैंगस्टरों को काबू करने पहुंची पुलिस पर क्रास फायरिंग, ए.एस.आई. को लगी गोली (तस्वीरें)

Monday, Jul 06, 2015 - 12:32 PM (IST)

जालंधर (शौरी): देर रात बस्ती शेख के संत नगर में पुलिस को सूचना मिली कि एक घर में कुछ गैंगस्टर ठहरे हुए हैं। सूचना के बाद जैसे ही पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर उन्हें काबू करने पहुंची तो आगे से गैंगस्टरों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे सी.आई.ए. स्टाफ में तैनात ए.एस.आई. जगदेव सिंह को गोली लग गई। पुलिस को इसके बाद जवाबी फायरकरने पड़े। 
 
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पुलिस कमिश्नर युरेन्द्र सिंह हेयर डी.सी.पी. राजिंद्र सिंह व ए.सी.पी. संधू के साथ सभी थानों के एस.एच.ओ. व भारी संख्या में पुलिस कर्मचारी पहुंचे। पुलिस ने पूरा इलाका सील करने के साथ लोगों के घरों की छतों पर चढ़कर सर्च अभियान शुरू कर दिया।
 
पुलिस को सूचना मिली कि जी.टी.बी. नगर में युवक सरजू नामक युवक का कत्ल करने वाले गौंडर के साथी सुखा भाऊ निवासी संत नगर बस्ती शेख जोकि जेल से पैरोल पर छूटा है और उसके घर में कुछ दिनों से गैंगस्टर सुक्खी निवासी विधिपुर जोकि अमृतसर जेल से पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, इसके अलावा दयालपुर का रहने वाले युवक भी उसके घर रह रहा है। 
 
सूचना के आधार पर पुलिस ने सुक्खा भाऊ के घर निर्धारित योजना के तहत पुलिस ने घेराबंदी की। घर से उक्त युवकों को काबू करने के लिए जैसे ही पुलिस वाले घर में दाखिल होने लगे तो इसी बीच अंदर से फायर होने शुरू हो गए। गोली लगने से ए.एस.आई. जगदेव सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस वालों ने भी जवाबी फायर किए। पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के बाद आरोपी तीनों युवक घर से भागने के लिए पड़ोसी के घरों की छतें फांद कर भागने लगे।
 
इसी बीच डी.सी.पी. राजिंद्र सिंह व ए.डी.सी.पी. अमरीक सिंह पवार व पुलिस वाले भी लोगों की घरों की छतों पर गैगस्टरों को पकडऩे के लिए भागते रहे। आखिरकार पुलिस ने एक घर की छत की पानी वाली टैंकी में छिपे सुक्खी विधिपुरिया को काबू किया। पुलिस ने उससे पिस्टल व कारतूस भी बरामद किए। इसके बाद भी पुलिस का आप्रेशन चलता रहा, पुलिस को लोगों की मदद से पता चला कि बाकी 2 गैंगस्टर भी आसपास के घरों में छिपे हुए हैं। 
 
पुलिस ने सर्च जारी रखी और पास ही घर में परिवार के सदस्यों को पिस्टल दिखाकर छिपे सुक्खी निवासी विधिपुर व फतेह सिंह को काबू किया। पुलिस ने इनके पास से 2 पिस्टल व कारतूस भी बरामद किए। वहीं बताया जा रहा था कि डिप्टी जेल सुपरिंटैंडैंट विक्रमजीत सिंह पैंथे पर हमला करने में भी इन लोगों की भूमिका अहम रही है। हालांकि देर रात तक कोई पुलिस अधिकारी इस बारे में बताने में संकोच कर रहे थे। पुलिस का कहना था कि आरोपियों से पूछताछ करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
Advertising