घर में बहन को इस हालत में देख उड़े भाई के होश

Tuesday, Jun 30, 2015 - 12:36 AM (IST)

अबोहर (सुनील): दहेज को लेकर प्रताड़ना और मौत के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी लड़ी में श्रीगंगानगर निवासी और सरदारपुरा में एक लड़की की दहेज के लिए संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई है। 

लड़की के परिवार वालों का आरोप है कि पति ने पीड़िता की हत्या की है और बाद में घटना को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया है। पुलिस ने मृतक के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका गुरमीत कौर उर्फ गुरदेवा बाई के पिता बलजीत सिंह निवासी 5 एल.एन.पी. श्रीगंगानगर ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह करीब 6 महीने पहले सरदारपुरा निवासी राम सिंह के साथ हुआ था और विवाह के बाद उसका पति दहेज के लिए उसके साथ मारपीट करता रहता था। बीती शाम 5 बजे के करीब गुरमीत कौर ने अपने भाई बलदेव सिंह को फोन किया कि उसका पति उसे बुरी तरह पीट रहा है इसलिए वह जल्द आकर उसको ले जाए। खबर मिलते ही बलदेव और उसका चाचा कुलदीप सिंह सरदारपुरा पहुंचे जहां उन्होंने देखा कि गुरमीत कौर की मौत हो चुकी है। 

उन्होंने कथित रूप से आरोप लगाया कि उसका पति उसके गले में फंदा डालकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का यत्न कर रहा था। उन्होंने जल्द इस बात की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। मृतका का पोस्टमार्टम एक विशेष टीम जिसमें डा. अमन नागपाल, डा. युधिष्ठर और डा. सुधीर पाठक की तरफ से किया गया और लाश को अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों के हवाले कर दिया। 

Advertising