भाजपा उचित समय पर लेगी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय: विजयवर्गीय

Sunday, Jun 28, 2015 - 01:33 PM (IST)

चंडीगढ़ (अश्वनी): पंजाब में भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी या नहीं, इसका फैसला उचित समय आने पर किया जाएगा। मौजूदा समय में भाजपा की कोशिश पंजाब में सिर्फ संगठन को मजबूत बनाने की है। इसके लिए पंजाब के सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। यह बात भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कही। 
 
चंडीगढ़ पहुंचे विजयवर्गीय ने कहा कि पंजाब में भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। पहले पंजाब में केवल 3 लाख सदस्य थे लेकिन अब इनकी संख्या 23 लाख तक पहुंच चुकी है। पंजाब में अकेले चुनाव लडऩे के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि इसका फैसला पंजाब प्रदेश इकाई व केंद्रीय संगठन द्वारा उचित समय पर किया जाएगा।

सिख कैदियों की पंजाब में शिफ्टिंग के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा आतंकवाद के खिलाफ है, लेकिन पंजाब सरकार का यह निर्णय प्रशासनिक है जिस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि इस मुद्दे पर पंजाब प्रदेशाध्यक्ष कमल शर्मा ने कहा कि पंजाब में सिख कैदियों की शिफ्टिंग पर शिअद ने भाजपा की पंजाब इकाई से कोई बातचीत नहीं की है। इसलिए इस मसले को अकाली दल के सामने जोर-शोर से उठाया जाएगा।
 
चूंकि यह मामला कैबिनेट स्तर का नहीं है, ऐसे में इसे शिअद-भाजपा की को-आर्डीनेशन कमेटी में उठाया जा सकता है। कमल शर्मा ने कहा कि सिख कैदियों के मसले पर अभी तक उनकी मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से बातचीत नहीं हुई है लेकिन जल्द ही उनसे मुलाकात की जाएगी।
 
वहीं, नशे के मुद्दे पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा पंजाब में ही नहीं बल्कि पूरे देश में नशे का सफाया करने के लिए वचनबद्ध है। पंजाब सरकार ने अफीम की खेती वाले भाजपा शासित प्रदेशों पर जो सवाल उठाए हैं, वह बेमानी हैं क्योंकि जिन प्रदेशों में भी यह खेतीबाड़ी की जाती है, उन्हें तय पैदावार के लिए लाइसैंस प्रदान किया जाता है। इसलिए यह कह देना कि किन्हीं खास राज्यों की वजह से नशे का प्रसार हो रहा है, उचित नहीं है। 
 
सरकार को सख्ती से नशे के खिलाफ कदम उठाने चाहिएं। विजयवर्गीय ने कहा कि महासंपर्क अभियान के जरिए भाजपा अपनी वैचारिक पृष्ठभूमि से युवाओं को जोडऩे की राह पर है। इस सिलसिले में आने वाले समय के दौरान दिल्ली में बैठक बुलाई जानी है, जिसमें पूरे अभियान की समीक्षा की जाएगी। 
Advertising