नवजोत सिंह सिद्धू का सामाजिक बहिष्कार किया जाए: खालसा

Friday, May 29, 2015 - 01:04 PM (IST)

जालंधर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा सिरसा के बाबा राम रहीम सिंह की प्रशंसा करने की निंदा करते हुए सिख सेवक सोसाइटी ने सिद्धू का सामाजिक बहिष्कार किए जाने की मांग की है। सोसाइटी के प्रधान परमिंदर सिंह खालसा ने कहा कि सिरसा डेरे के बाबा राम रहीम सिंह ने गुरू गोविंद सिंह जी का भेष धारण कर गुरूओं तथा सिख कौम का अपमान किया था ऐसे में उनकी प्रशंसा करना सिख कौम का अपमान है। उन्होंने कहा कि सिद्धू वही कह रहे हैं जो उन्हें आर.एस.एस. द्वारा कहने के लिए कहा जा रहा है।
 
उन्होंने ने कहा कि सिद्धू ने पहले गुरवाणी से छेड़छाड़ की थी और अब बाबा की प्रशंसा कर सिखों की भावनाओं को भड़काया है। खालसा ने शिरोमणी गुरूद्धारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) से मांग की है कि वह पंथक तथा बुद्धिजीवियों की एक कमेटी बना कर सिद्धू के सामाजिक बहिष्कार की घोषणा करें। पंजाब में बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं पर ङ्क्षचता जताते हुए खालसा ने पंजाब के मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह सख्त कार्रवाई करें। 
 
उन्होंने कहा कि बीते दिनों बर्तानियां से एक लड़की अमृतसर दरबार साहिब माथा टेकने आई थी जिससे होमगार्ड के जवान ने छेड़छाड़ की थी। उन्होंने कहा कि इस घटना से सिख कौम का सिर शर्म से झुक गया है। अकाल तख्त के प्रति लड़की का विश्वास कायम करने के लिए जरूरी है कि होमगार्ड को सख्त सजा दी जाए।  
 
Advertising