पंजाब के 4 सांसद बुरी तरह फेल, एक पैसा भी नहीं खर्चा

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2015 - 11:56 AM (IST)

चंडीगढ़ (शर्मा): सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के तहत प्रत्येक सांसद अपने क्षेत्र के विकास पर सालाना 5 करोड़ रुपए खर्च कर सकता है लेकिन 16वीं लोकसभा के पहले वर्ष के दौरान पंजाब के 4 और हरियाणा के 3 सांसद इसमें बुरी तरह फेल रहे। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार गुरदासपुर से भाजपा सांसद विनोद खन्ना, जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी, लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, फतेहगढ़ साहिब से ‘आप’ सांसद हरिंद्र सिंह खालसा और हरियाणा में गुडग़ांव के सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी तथा अम्बाला के सांसद रतन लाल कटारिया ने अपने क्षेत्र में एक भी पैसा खर्च नहीं किया है। वहीं, फरीदकोट से ‘आप’ के सांसद साधु सिंह ने जारी राशि में से सर्वाधिक 44.88 प्रतिशत खर्च की है। 

पंजाब: केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार अमृतसर से कांग्रेस सांसद कै. अमरेंद्र सिंह ने जारी राशि का 24 प्रतिशत खर्च किया है। केंद्रीय मंत्री तथा भटिंडा की अकाली सांसद हरसिमरत कौर बादल ने जारी 5 करोड़ रुपए में से 70 लाख यानी सिर्फ 15.20 प्रतिशत ही अपने चुनाव क्षेत्र में खर्च किया है। अन्य सांसदों में शेर सिंह घुबाया ने 35.06, विजय सांपला ने 21.10, धर्मवीर गांधी ने 37.28, प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने 4.20, भगवंत मान ने 20.50 तथा रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने 37.83 प्रतिशत राशि योजना के तहत खर्च की है। 

हरियाणा : गुडग़ांव के सांसद राव इंद्रजीत सिंह, सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी तथा अम्बाला के सांसद रतन लाल कटारिया ने पहले वर्ष में एक भी पैसा खर्च नहीं किया। रोड़ी व कटारिया ने कोई भी प्रस्ताव जिला प्रशासन को नहीं भेजा जबकि राव इंद्रजीत के भेजे 4.28 करोड़ के प्रस्तावों में से मात्र 1.97 करोड़ के प्रस्ताव जिला प्रशासन ने मंजूर किए हैं लेकिन इस दौरान कोई भी रकम खर्च नहीं हुई। भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मवीर ने सर्वाधिक 32.89 प्रतिशत राशि खर्च की है। 

हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने जारी राशि का 20.47, रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने 20.07, सोनीपत के सांसद रमेश चंद्र ने 10.26, कुरुक्षेत्र के सांसद राज कुमार सैनी ने 4.95, फरीदाबाद के सांसद कृष्ण पाल ने 4.40 तथा करनाल के सांसद ने जारी राशि का मात्र 1.50 प्रतिशत योजना के तहत खर्च किया है।

हिमाचल : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांगड़ा के सांसद शांता कुमार ने जारी राशि का सर्वाधिक 38.80 प्रतिशत खर्च किया है। हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 7.40 प्रतिशत राशि ही अपने क्षेत्र में खर्च की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News