अनिल विज का ट्वीट...तो तेरा क्या होता कालिया

Sunday, May 24, 2015 - 05:16 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच चल रही बयानबाजी अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के बयान पर आज अनिल विज ने करारा जवाब दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीते कल विज को हारा हुआ जरनल करार देकर यह कहा था कि वह मुख्यमंत्री बनने की रेस में थे, लेकिन 5वें नंबर पर पहुंच गए। हुड्डा के उक्त बयान का जवाब अनिल विज ने आज ट्वीट कर दिया। विज ने कहा कि ‘मैंने तो कभी कुछ बनने को सोचा नहीं परंतु यदि मैं सी.एम. होता तो तेरा क्या होता कालिया’।

अनिल विज ने अमिताभ बच्चन की फिल्म शोले का हवाला देते हुए हुड्डा पर निशाना साधा और कहा कि अगर वह मुख्यमंत्री होते तो फिर सोचो तेरा क्या होता कालिया। विज का ट्वीट कई मायनों में महत्वपूर्ण इसलिए है कि उन्होंने इस ट्वीट के जरिए पूर्व की हुड्डा सरकार में हुए घपले-घोटालों की ओर इशारा किया है।प्रदेश की समस्याओं को लेकर लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के बीच बयानबाजी की तकरार रही है।

इसी कड़ी में कांग्रेस ने विज के गैस्ट टीचरों के समर्थन में किए गए ट्वीट और फिर मुख्यमंत्री को भेजे पत्र के लिए चुटकी ली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विज को वास्तव में यदि कर्मचारियों की ङ्क्षचता है तो वह सरकार से हटकर इसका समाधान करवाएं। इसी संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विज पर कटाक्ष किया था। जिस पर विज ने ट्वीट के जरिए हुड्डा को करारा जवाब दिया है। 
Advertising