फिर अपनी जिम्मेदारी से दौड़ी भाजपा: जाखड़

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2015 - 05:45 PM (IST)

जालंधर (धवन): मोगा कांड को लेकर भाजपा की चुप्पी पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोल दिया है। पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया है कि भाजपा एक बार फिर से अपनी जिम्मेदारी से दौड़ गई है। भाजपाइयों के मुंह पर ताले लग गए हैं।
 
उन्होंने कहा कि मोगा में चलती बस में लड़की व उसकी मां से हुई छेड़छाड़ की घटना छोटी नहीं है। भाजपा नेता केवल मुंह दिखाने के लिए ही मोगा पहुंचे। उन्होंने इस कांड को लेकर न तो पंजाब सरकार से स्पष्टीकरण मांगा और न ही पीड़ित परिवार की आवाज को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उठाया।
 
जाखड़ ने कहा कि भाजपा चूंकि राज्य में अकाली दल सरकार की सहयोगी पार्टी है परन्तु जिस तरह का व्यवहार उसने पंजाब के मसलों को लेकर किया है उससे पता चलता है कि इस पार्टी को केवल सत्ता से मोह रह गया है।
 
जाखड़ ने कहा कि नशों के मामले में भी भाजपा ने मुंह दिखा दिया था। राज्य विधानसभा में जब कांग्रेस विधायक दल सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया था तो उसने अकाली सरकार का साथ दे दिया था जबकि बाहर भाजपा नशों के मामले में सरकार के खिलाफ बोल रही थी।
 
उन्होंने कहा कि अब दोबारा मोगा कांड में भाजपा ने चुप्पी साधी हुई है। अन्यथा जब केंद्र में यू.पी.ए. सरकार थी तो भाजपा नेता रोजाना बयान दागने के आदी हो गए थे।
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की कथनी व करनी में अंतर अब प्रदेश के लोगों को पता चल गया है। भाजपा पूरी तरह से बेनकाब हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मोगा कांड को लेकर चुप बैठने वाली नहीं है। वह इस मामले पर अंतिम दम तक लड़ाई लड़ेगी तथा पीड़ित व दलित परिवार को इंसाफ दिलवा कर दम लेगी।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News