पंजाब में गृह युद्ध वाले हालात बन रहे हैं : बाजवा

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2015 - 01:51 AM (IST)

होशियारपुर (अश्विनी): पंजाब सरकार की किसान विरोधी नीति के चलते आज किसानों की गेहूं की फसल की मंडियों में बेकद्री हो रही है। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगडऩे के कारण गृह युद्ध वाले हालात बन रहे हैं। ये विचार आज यहां पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा ने यहां रहीमपुर की दानामंडी में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए प्रकट किए।

उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एन.डी.ए. सरकार व्यापारियों व कार्पोरेट घरानों की सरकार है। मोदी सरकार किसान विरोधी है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण बार-बार भूमि अधिग्रहण अध्यादेश लागू करने से मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की किसी भी मंडी में अभी तक गेहूं की खरीद शुरू नहींं हुई। किसानों के धरनों के डर के चलते मंडियों में गेहूं बोरियों में भर कर रख ली है। खरीद के फार्म नहीं भरे गए।
 
उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश 3 राज्यों ने ही गेहूं के मामले में देश को सरप्लस बनाया है। केंद्र द्वारा अब एम.एस.पी. समाप्त करके इन राज्यों को सजा दिए जाने जैसी बात होगी। श्री बाजवा ने कहा कि खराब मौसम के चलते इस बार गेहूं की झाड़ काफी कम हो गई है। उन्होंने मांग की कि किसानों को गेहूं की खरीद पर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा 100-100 रुपए प्रति किं्वटल बोनस के तौर पर दिया जाए।
 
बादल एन.डी.ए. छोड़ें: बाजवा ने कहा कि केंद्र पंजाब सरकार के साथ सौतेली मां जैसा व्यवहार कर रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अपनी पुत्रवधू के केंद्र में मंत्री पद के लालच में राज्य के हितों को मोदी के पास गिरवी रख दिया है। उन्होंने मांग की कि बादल एन.डी.ए. सरकार से बाहर आकर राज्य के किसानों के समर्थन में आंदोलन शुरू करें। 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि अहमदशाह अब्दाली के बाद बादल सरकार ने ही राज्य के लोगों को सबसे ज्यादा लूटा है। हरियाणा के साथ नदी जल बंटवारे के बारे में बादल केवल दमगजे ही मार रहे हैं। उनके परिवार ने हरियाणा सरकार से अरबों रुपए की जमीन कौडिय़ों के भाव लेकर फाइव स्टार होटल व रिजॉट्र्ïस बना रखे हैं।
 
वह हरियाणा सरकार से दुश्मनी कैसे मोल ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपप्रधान राहुल गांधी पंजाब के किसानों की समस्याएं सुनने हेतु शीघ्र ही पंजाब का दौरा करेंगे। बाजवा ने दाना मंडी में किसानों के साथ भेंट की। 
 
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान व विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा, पी.पी.सी.सी. के महासचिव पवन आदिया, पंजाब कांग्रेस एस.सी. के चेयरमैन डा. राज कुमार चब्बेवाल, कानूनी सैल के राज्य अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के प्रधान राकेश मरवाहा, जिला कांग्रेस कमेटी के शिकायत निवारण विंग के चेयरमैन व मीडिया प्रभारी सुमेश सोनी एवं बहुत से पार्षद भी उपस्थित थे।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News