CM बादल के घर के सामने खुद को लगाई थी आग, 4 माह बाद तोड़ा दम (वीडियो)

Sunday, Apr 26, 2015 - 11:12 AM (IST)

चंडीगढ़ (भुल्लर): गुरदासपुर की 32 वर्षीय अनाथ युवती गुरप्रीत कौर ने साढ़े 4 माह तक मौत से जूझने के बाद शनिवार को सैक्टर-16 के अस्पताल में दम तोड़ दिया। बेरोजगारी से दुखी गुरप्रीत ने गत वर्ष 12 दिसम्बर को यहां मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के घर के सामने खुद को आग लगा ली थी।
 
गुरप्रीत तब से सैक्टर-16 के अस्पताल में उपचाराधीन थी। शनिवार सुबह हालत बिगडऩे पर डाक्टरों ने उसे बचाने के प्रयास किए, जो नाकाम रहे। बता दें कि इन साढ़े 4 माह के दौरान उसका कोई वारिस या रिश्तेदार सामने नहीं आया। 2 बार सैक्टर-16 अस्पताल के डाक्टरों ने उसे पी.जी.आई. रैफर किया परंतु कोई वारिस न होने के कारण वहां उसे एडमिट नहीं किया जा सका। हालांकि, उसके इलाज का खर्चा राज्य सरकार उठा रही थी। 
 
गुरप्रीत का कोई वारिस न होने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को लावारिस करार देकर एन.जी.ओ. आल इंडिया सेवा समिति को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। एन.जी.ओ. ने शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। नेता विपक्ष सुनील जाखड़, पंजाब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा व प्रवक्ता सुखपाल सिंह खैहरा दिसम्बर में घटना के बाद सहायता की पेशकश लेकर पहुंचे थे, जो गुरप्रीत ने ठुकरा दी थी। उसने अपनी जंग खुद लडऩे की बात कही थी।
Advertising