मर्चैंट नेवी में भर्ती करवाने के बदले लाखों की ठगी

Sunday, Apr 26, 2015 - 01:15 AM (IST)

गुरदासपुर(विनोद): गांव नौशहरा की एक महिला व उसके 2 अन्य रिश्तेदारों के साथ मर्चैंट नेवी में भर्ती करवाने के लिए 10 लाख रुपए की ठगी करने वाला एक ट्रैवल एजैंट बच्चों सहित गांव से फुर्र हो गया। 

पीड़ित महिला परमजीत कौर पत्नी सतनाम सिंह निवासी नौशहरा बहादुर ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने ट्रैवल एजैंट कुलदीप सिंह पुत्र महिन्द्र सिंह निवासी गांव भिटेवंड निमाना जिला गुरदासपुर को अपने लड़के गुरदीप सिंह व 2 रिश्तेदारों कुलविन्द्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गांव पुराना शाला व गुरमीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह निवासी हवीरावाल जिला कपूरथला को मर्चैंट नेवी में भर्ती करवाने के लिए 10 लाख रुपए दिए थे, लेकिन ट्रैवल एजैंट उन्हें पिछले 3 वर्षों से परेशान कर रहा है तथा न ही लड़के मर्चैंट नेवी में भर्ती करवाए और न ही हमारे पैसे वापस किए, जिससे उसके रिश्तेदार व पारिवारिक सदस्य खासे परेशान हैं। 
 
महिला ने बताया कि ट्रैवल एजैंट कुलदीप सिंह व उसकी पत्नी राजविन्द्र कौर के विरुद्ध डी.जी.पी. पंजाब, डी.आई.जी. बार्डर रेंज अमृतसर, आई.जी. बार्डर रेंज के अतिरिक्त जिला पुलिस मुखी को लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया है, लेकिन उसके विरुद्ध अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। 
इस सम्बन्धी जब जांच कर रहे डी.एस.पी. से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और एजैंट के आरोपी पाए जाने पर तुरंत वांछित कार्रवाई कर पीड़ितों को इंसाफ दिलवाया जाएगा।
 
Advertising