अवैध संबंधों के चलते किया पत्नी का कत्ल, मां को मृत पड़ा देख उड़े बेटे के होश

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2015 - 04:01 AM (IST)

लुधियाना (कुलवंत): बाड़ेवाल रोड स्थित भाई दया सिंह नगर इलाके में आज एक पति ने अपनी ही जीवन संगिनी की गला घोंट कर हत्या कर दी। इस वारदात का जैसे ही खुलासा हुआ, लोग हैरान रह गए, जिसके बाद सूचना पुलिस को मिली तो तब तक आरोपी फरार हो गया था। दोनों पति-पत्नी सुरक्षा गार्ड का काम करते थे। पुलिस ने संदेह जताया है कि अवैध संबंधों का शक भी हत्या का एक कारण हो सकता है। मरने वाली महिला की पहचान 40 वर्षीय गुरप्रीत कौर के रूप में हुई है, जबकि उसके फरार पति की पहचान जगतार सिंह के रूप में हुई है। 

हैरत की बात यह है कि इससे पहले भी जगतार अपनी बेटी व एक बेटे को जहर दे चुका है और इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह वहां से फरार हो गया। वारदात का पता उस समय चला जब उसका 14 वर्षीय बेटा कर्मदीप स्कूल से वापस घर आया। मां को मृत पड़ा देख बच्चे के होश उड़ गए, जिसके बाद उसने इलाके के लोगों को बताया। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी ए.सी.पी. गुलनीत सिंह खुराना और थाना पी.ए.यू. की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच करने के बाद मृतक गुरप्रीत कौर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने गुरप्रीत कौर के भाई छिंदा की शिकायत पर उसके पति जगतार सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

ए.सी.पी. पश्चिमी गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि गुरप्रीत कौर एक प्राइवेट कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड का काम करती थी, जबकि उसका पति जगतार सिंह भी सिक्योरिटी गार्ड था और वो यहां पर किराए के मकान में रहते थे। गुरप्रीत की बेटी की शादी हो चुकी है और बड़ा बेटा सिमरजीत सिंह (17) अपने दादा के पास गांव रज्जोवाल में रहता है। उनका छोटा बेटा कर्मदीप सिंह उनके पास रह रहा था। घरेलू बातों को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। जगतार सिंह पहले अपनी पत्नी से अलग रहने लगा था, लेकिन करीब 4 महीने से वह फिर से अपने पत्नी और बेटे के साथ रह रहा था। 

उन्होंने कहा कि इन 4 महीनों में भी कई बार दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी जगतार सिंह करीब एक सप्ताह से काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही था। बुधवार को उनका बेटा कर्मजीत सिंह अपने स्कूल चला गया। पीछे से जगतार सिंह अपनी पत्नी के साथ घर पर ही था। इसी दौरान दोनों के बीच क्या बात हुई कि जगतार सिंह ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और खुद फरार हो गया। इस हत्या के बारे में किसी को कुछ पता नहीं चला। जब दोपहर के समय कर्मदीप सिंह स्कूल से वापस घर आया तो मां को मृत पड़ा देख उसने इसकी जानकारी इलाके के लोगों को दी। लोगों ने अंदर जाकर गुरप्रीत को मृत देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। 

ए.सी.पी. ने कहा कि अभी तक की जांच में यही सामने आ रहा है कि जगतार सिंह ने अपनी पत्नी पर शक को लेकर ही उसकी हत्या की है। फिर भी पुलिस अलग-अलग थ्यूरियों पर जांच में जुटी हुई है। अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

ए.सी.पी. गुलनीत सिंह ने कहा कि पुलिस मृतक गुरप्रीत कौर के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। उनके आने के बाद वीरवार को गुरप्रीत के  शव का पोस्टमार्टम करा वारिसों के हवाले कर दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News