सैक्स रैकेट का सरगना अमित महिला समेत गिरफ्तार

Sunday, Apr 19, 2015 - 03:09 PM (IST)

मोहाली (राणा): सैक्स रैकेट के सरगना अमित शर्मा, जिसके खिलाफ चंडीगढ़, मोहाली समेत पंजाब व दिल्ली में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, को मुल्लांपुर पुलिस व सी.आई.ए. स्टाफ ने आखिरकार दबोच लिया। उसके साथ पुलिस ने एक महिला को भी गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी महिला ने पुलिसकर्मी से हाथापाई कर उसकी वर्दी फाड़ डाली। अमित के जो दो फोन नंबर जो पुलिस ने ट्रैस पर लगाए थे, उनके जरिए ही पुलिस ने आरोपी अमित को दबोचा। 

सन्नी एन्क्लेव से किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक जिन दो फोन नंबरों को आरोपी अमित यूज कर रहा था उन नंबरों को पुलिस ने ट्रैप पर लगा रखा था लेकिन आरोपी की लोकेशन थोड़ी-थोड़ी देर बाद चैंज हो रही थी। इसी वजह से आरोपी अब तक पुलिस से बच रहा था। 
 
शुक्रवार शाम के समय आरोपी का नंबर ट्रैस करने पर आरोपी की लोकेशन खरड़ स्थित सनी एन्क्लेव की आ रही थी। इसके बाद मुल्लांपुर थाना पुलिस ने सी.आई.ए. स्टाफ से संपर्क किया और दो टीमें बनाई गईं। इसके बाद देर शाम सनी एन्क्लेव में एक घर में रेड की गई। जब पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अदंर आरोपी अमित के साथ एक महिला भी थी। 
 
पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और उसे लेकर जाने लगी लेकिन वहां मौजूद महिला ने पुलिस कर्मी से हाथापाई शुरू कर दी और वर्दी फाड़ दी। मौके पर काफी देर तक हंगामा चला। आखिर में पुलिस ने अमित व महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस महिला के साथ आरोपी अमित पकड़ा गया उसका नाम मुस्कान है और वह कई दिनों से उसके संपर्क में था। 
 
ये होंगे खुलासे 
पुलिस का कहना है कि आरोपी अमित से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी कि मुल्लांपुर में सैक्स रैकेट का खुलासा होने के बाद से वह कहां-कहां छिपा और किस-किस ने उसकी मदद की। सैक्स रैकेट में और कौन-कौन इनके साथ था। इसके अलावा उसने कितने लोगों से ठगी की है। 
 
सूत्रों की मानें तो आरोपी इलैक्शन के समय कई राजनीतिक नेताओं का प्रचार कर चुका है और वह कई बड़े अधिकारियों के भी करीब था। इस कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।
 
ठगी के शिकार लगाने लगे पुलिस के चक्कर
आरोपी अमित की गिरफ्तारी की बात जब सुनीता, सावित्री व अरविद को पता चली तो वह खुश हुए और उदास भी । यह सभी पुलिस के चक्कर काटने लगे कि उनके लाखों रुपए, जो अमित ने ठगे हैं, वह उन्हें कब मिलेंगे। सुनीता ने कहा कि जो पैसे अमित ने ठगे हैं, वह पड़ोस के लोगों के हैं। उसी वजह से अपने घर नहीं जाती, क्योंकि सभी लोग उसे पैसों को लेकर तंग करते हैं। वह डिप्रैशन में है।  

मुल्लांपुर थाना के प्रभारी नवीन पाल का कहना है कि आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को कल अदालत में पेश किया जाएगा। 
Advertising