महिला साथी की मदद से अपने ही दोस्त की बेटी के साथ किया दुष्कर्म

Wednesday, Apr 15, 2015 - 03:28 AM (IST)

भामियां कलां: एक व्यक्ति द्वारा अपनी महिला साथी की मदद से अपने ही दोस्त की बेटी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है जबकि थाना जमालपुर पुलिस ने उक्त पूर्वांचली नेता व उसकी महिला साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया गया है। 
 
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके पिता का दोस्त था, जो पहले से उनके घर आता-जाता था। इसी वर्ष फरवरी माह में जब उसके पिता फैजाबाद, यू.पी. किसी रिश्तेदारी में गए तो उक्त व्यक्ति 15 फरवरी की शाम करीब 4-5 बजे अपनी महिला साथी के साथ उनके घर आया। इस दौरान वह उसे उसकी माता के इंकार करने के बाद भी कार में बिठा कर जमालपुर ले गया। यहां अज्ञात जगह पर गाड़ी रोक कर महिला साथी की मदद से कार की पिछली सीट पर उसके साथ दुष्कर्म किया। वह अक्सर उसके माता-पिता की गैर-मौजूदगी में उनके घर आते और उक्त व्यक्ति अपनी महिला साथी के सामने उससे दुष्कर्म करता था। दोनों किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां देते थे। 
 
सब-इंस्पैक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने किशन लाल शर्मा व उसकी महिला साथी के खिलाफ  मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड लिया गया है। 
 
गिरफ्तार आरोपी किशन लाल पूर्वांचली भाईचारे के नेता के तौर पर जाना जाता था, जो एक राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष के रूप में सक्रिय था। सूत्रों की मानें तो वह सियासत के दम पर ही अपना कारोबार चलता था, जिस कारण उसने पुलिस व अन्य लोगों में पैठ बनाई हुई थी।
Advertising