नन रेप कांड के आरोपियों सहित 7 गिरफ्तार

Friday, Apr 03, 2015 - 03:53 AM (IST)

लुधियाना (कुलवंत): पश्चिम बंगाल में हुए बहुचर्चित 71 वर्षीय नन रेप कांड के आरोपियों सहित 7 को लुधियाना पुलिस ने हथियारों सहित काबू कर लिया है। ये सभी पश्चिम बंगाल तथा बंगलादेश के रहने वाले हैं। उस वारदात को अंजाम 12 लोगों ने दिया था जिनमें से 4 आरोपियों ने वृद्धा नन से दुष्कर्म भी किया था। इसके अलावा यह गिरोह अनेक लूटपाट की वारदातें व अन्य संगीन जुर्म कर चुका है। 
 
इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पुलिस कमिश्नर प्रमोद बान ने बताया कि आरोपियों की पहचान बंगलादेश के जीनत शेख, बंगलादेश के मोहम्मद हबीबुल मिद्दा, बंगलादेश के अब्दुल, पश्चिम बंगाल के शेख मुमताज, मोहम्मद सलीम, मुसतगीन शेख व पश्चिम बंगाल के ही सुआग आलम के रूप में हुई है। 
 
आरोपियों को उस समय काबू किया गया जब ए.डी.सी.पी. क्राइम मुखविंद्र सिंह की अगुवाई में सी.आई.ए. के प्रभारी राजन परमिंद्र सिंह की पुलिस पार्टी को सूचना मिली कि उक्त आरोपी रूटर धर्म कांटा फेस 2 फोकल प्वाइंट के पास हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देते हुए वहां से 7 आरोपी गिरफ्तार कर लिए। 
 
पुलिस टीम को इनसे 3 तलवारें, 2 लोहे की राडें व एक लोहे की पाइप बरामद हुई। इनके खिलाफ थाना फोकल प्वाइंट में मामला दर्ज करवाया गया। पूछताछ में पता चला कि ये लोग कुख्यात अपराधी हैं, इनमें से कुछ लोग पश्चिम बंगाल में हुए नन रेप कांड में भी शामिल हैं। इसके बारे में वहां की पुलिस को भी सूचना भेज दी गई है।
Advertising