Pix: पति के घर में दूसरी महिला को देख बिफरी पत्नी

Monday, Mar 30, 2015 - 09:24 AM (IST)

मोहाली(सागर): सैक्टर-66 में आज उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक महिला अपने पति के घर पहुंची और वहां पति को दूसरी महिला के साथ पति-पत्नी के रूप में रहते पाया। 

महिला ने पति पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। बाद में पहुंची पुलिस ने इस मामले में समझौता करवा दिया। शिकायतकत्र्ता महिला छाया ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर वह अपने परिजनों के साथ अपने ससुराल सैक्टर-66 पहुंची। यहां उसने देखा कि उसके पति के घर एक अन्य महिला मौजूद है। 

जब उसने उस महिला ने पूछा कि तुम कौन हो तो उसने कहा कि वह सुधीर की बीवी है। यह सुनते ही छाया ने अपने पति सुधीर को आवाज लगाई परंतु वह सामने नहीं आया और घर के भीतर से ही गालियां देने लगा। इस पर छाया ने अपने पति का विरोध किया तो गुस्से में सुधीर घर से बाहर आया और छाया व उसके परिजनों से गाली गलौच करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।

करीब एक घंटे चले इस ड्रामे के बाद सैक्टर-66 के निवासियों ने बीच-बचाव किया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पी.सी.आर. पार्टी  ने महिला हैल्पलाइन को मामले की जानकारी दी लेकिन वूमैन हैल्पलाइन कर्मियों को पहुंचने में एक घंटा लग गया। मौके पहुंचीं वूमैन हैल्पलाइन के कर्मियों ने दोनों पक्षों की शिकायत ले ली और दोनों को थाने ले गए।

छाया ने बताया कि सुधीर से उसकी 1999 में शादी हुई थी। उसका एक बेटा भी है, जोकि 8वीं में पढ़ता है। करीब 3 साल से सुधीर का व्यवहार उसके प्रति अच्छा नहीं था। इस कारण सुधीर ने उसे कुंभड़ा में किराए के मकान में रखा हुआ था। उसने अपने पिता व परिजनों की सेवा के लिए एक नौकरानी रखी थी।

बाद में सुधीर ने इस महिला को पत्नी के रूप में रख लिया। छाया को जब इसकी भनक लगी तो अपने परिजनों को साथ लेकर आज यहां पहुंची। थाने में दोनों पक्षों में तय हुआ है कि तीन दिन तक सुधीर कुंभड़ा में अपनी पत्नी छाया के संग रहेगा। साथ ही संतोष नामक दूसरी महिला अपना सारा सामान लेकर इलाका छोड़कर चली जाएगी। 

Advertising