गरीब पक्षीय नीतियों पर कभी समझौता नहीं करेंगे: सुखबीर

Saturday, Mar 28, 2015 - 05:11 AM (IST)

जालंधर (लाभ सिंह): शिरोमणि अकाली दल व उसकी सरकार की नीतियां हमेशा ही गरीब पक्षीय रही हैं। चाहे इसके लिए उसे कई जोखिम भरे कदम भी उठाने पड़े हैं पर फिर भी उसने इस मुद्दे पर कभी समझौता नहीं किया है। ये शब्द शिरोमणि अकाली दल के प्रधान व पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहे। 

सुखबीर बादल ने बताया कि बादल सरकार हमेशा ही किसानों व गरीब वर्ग के साथ खड़ी है। किसानों की जमीन एक्वायर करने के मुद्दे पर बादल सरकार ने जो नीति बनाई है, उससे किसान वर्ग सहमत है और बादल सरकार के कार्यकाल के दौरान जितने भी बड़े प्रोजैक्ट लगे हैं, उन सबके लिए जमीनें किसानों की सहमति से ही ली गई हैं। इस मुद्दे पर कभी कोई आंदोलन नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बादल सरकार की इस नीति को कई राज्यों ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए सबसे बड़े कदम उठा रही है और मोदी सरकार ने कई बड़े प्रोजैक्ट पंजाब को दिए हैं। 

इन प्रोजैक्टों से प्रदेश का नक्शा ही बदल जाएगा। 2200 करोड़ की लागत से प्रदेश से सीवरेज सिस्टम व पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। 1600 करोड़ के एक और प्रोजैक्ट से प्रदेश के सिंचाई ढांचे का नवीनीकरण और सेम वाले क्षेत्र के लोगों का सेम से छुटकारा करवाया जाएगा। उन्होंनेकहा कि इसी प्रदेश में 18,000 करोड़ रुपए की लागत से चार मार्गीय व 6 मार्गीय सड़कें बनाई जाएंगी। 

Advertising