मनोज शर्मा पार्टी के आदेश को नहीं मान रहे थे: जिला प्रधान

Friday, Mar 27, 2015 - 04:30 PM (IST)

गुरदासपुर (विनोद): नगर कौंसिल गुरदासपुर के प्रधान पद की नियुक्ति संबंधी भाजपा गुरदासपुर में चल रहा विवाद आज उस समय खतरनाक मोड़ ले गया जब भाजपा हाईकमान ने नगर कौंसिल गुरदासपुर के नवनियुक्त प्रधान मनोज कुमार शैंपी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
 
आज नगर कौंसिल गुरदासपुर के नवनियुक्त प्रधान मनोज शर्मा का ताजपोशी समारोह नगर कौंसिल में था। इस संबंधी सभी को 11.30 बजे सुबह के समय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा गया था परंतु भाजपा हाईकमान के आदेश पर भाजपा जिला गुरदासपुर के जिला प्रधान रमेश शर्मा, महासचिव विजय वर्मा तथा नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान संतोष रियाड़ ने आज सुबह 9.30 बजे प्रैस कांफ्रैंस बुला ली।
 
रमेश शर्मा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि नगर कौंसिल गुरदासपुर का प्रधान पद भाजपा के खाते में आता है जिस संबंधी भाजपा हाईकमान ने पूर्व नगर कौंसिल प्रधान संतोष रियाड़ के नाम का व्हिप जारी किया था। इस संबंधी भाजपा प्रभारी विनोद शर्मा को यह व्हिप देकर नगर कौंसिल गुरदासपुर के प्रधान पद के चुनाव वाले दिन गुरदासपुर भेजा था। यह व्हिप स्थानीय अकाली दल के विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली को दिया गया था परंतु गुरबचन सिंह बब्बेहाली ने व्हिप की बजाय सभी अकाली-भाजपा व आजाद पार्षदों की नगर कौंसिल कार्यालय में बुलाई मीटिंग में भाजपा पार्षद मनोज कुमार को नगर कौंसिल गुरदासपुर का 2 साल के लिए तथा जगजीत सिंह आजाद पार्षद को 3 साल के लिए प्रधान नियुक्त कर दिया। पहले मनोज कुमार को कार्यभार सौंपने का निर्णय लिया गया तथा बाद के 3 साल जगजीत सिंह को प्रधान बनाने का निर्णय लिया गया जबकि उपप्रधान पद अकाली दल से संबंधित पार्षद सुखविन्द्र संधू को बनाया गया।
 
रमेश शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि यह निर्णय भाजपा हाईकमान के निर्णय के उलट था तथा इस संबंधी भाजपा ने अपना विरोध गुरदासपुर के विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली तथा उनके द्वारा नियुक्त मनोज शर्मा के पास दर्ज करवाया गया था।
 
इस संबंधी पार्टी के निर्णय अनुसार मनोज शर्मा को प्रधान पद से त्याग पत्र देने के लिए कहा जा रहा था जबकि वह इस संबंधी कोई ठोस जवाब नहीं दे रहे थे। पार्टी के आदेश के उलट आज मनोज शर्मा ने अपना ताजपोशी का कार्यक्रम रख दिया जिस कारण पंजाब भाजपा के प्रधान कमल शर्मा ने गत रात उन्हें फोन कर बताया कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि मनोज शर्मा को पार्टी से 6 साल के लिए निकाला जाए।
 
इस मौके पर जिला महासचिव विजय वर्मा ने कहा कि गुरदासपुर के अकाली विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली सत्ता के नशे में भाजपा का नुक्सान कर रहे हैं तथा उनसे कई बार इस संबंधी बातचीत होने के बावजूद कोई असर देखने को नहीं मिला। पार्टी हित में पार्टी को इस तरह के कठोर निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इस मौके पर नगर कौंसिल की पूर्व प्रधान संतोष रियाड़, जिला उपप्रधान हरदीप सिंह, पार्षद सीमा शर्मा आदि भी उपस्थित थे।
 
Advertising